बिलासपुर : कई बार रेल्वे की ढिलाई के कारण यात्री बिना टिकट के यात्रा करते है, वहीँ यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा के लिए प्रेरित करने और बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के उद्देश्य से बिलासपुर स्टेशन में 25 फरवरी को औचक टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया है। यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन के नेतृत्व में संचालित किया गया है। इस अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक एवं टीटीई स्टाफ की टीम शामिल रही है।
टिकट चेकिंग अभियान के दौरान बिलासपुर स्टेशन सहित बिलासपुर-चांपा रेलखंड के बीच संचालित 17 ट्रेनों में सघन जांच की गई। इस कार्यवाही में कई लोग पकड़ाये है, जिसमें कुल 372 प्रकरण दर्ज करते हुए 2 लाख 19 हजार 830 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। इसके साथ ही अफसरों ने यात्रियों को जागरूक किया है कि एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए फुटओवर ब्रिज का उपयोग करें। रेलवे ने यात्रियों से रेल संपत्ति को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करने की भी अपील की है। वहीँ यात्रियों को प्लेटफार्म टिकट लेने के निर्देश भी दिये गये है।
303 यात्रियों के पास नहीं था टिकट :
वहीँ कार्यवाही में रेलवे अधिकारियों के अनुसार बिना टिकट यात्रा के 303 मामलों से 1 लाख 90 हजार 625 रुपये, अनियमित टिकट के 59 मामलों से 28 हजार 205 रुपये तथा बिना बुक किए गये लगेज के 10 मामलों से 1 हजार रुपये की वसूली की गई है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व वैध टिकट अवश्य लें तथा स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिये प्लेटफार्म टिकट खरीदें।



