आत्मसमर्पित नक्सलियों को कराया गया जंगल सफारी का भ्रमण, गृह मंत्री विजय शर्मा के साथ किया गया भोजन पर आमंत्रित।

रायपुर : नक्सली उन्मूलन के साथ सरकार की संवेदनायें भी है, जिसके तहत प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने नक्सल पुनर्वास नीति को जमीनी रूप देते हुए एक अनोखी पहल की है। यहाँ पुनर्वास योजना के तहत आत्मसमर्पण कर चुके पूर्व नक्सलियों को राजधानी रायपुर स्थित नंदन वन जंगल सफारी घुमाने ले जाया गया, जहां उन्होंने खुलकर बातचीत की और उनके अनुभव सुने। इसे पुनर्वास नीति के मानवीय चेहरे के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे उनके अंदर एक आत्मविश्वास पनपे।

आत्मसमर्पण कर चुके पूर्व नक्सलियों को राजधानी रायपुर स्थित नंदन वन जंगल सफारी घुमाने के बाद गृहमंत्री विजय शर्मा ने अपने सरकारी निवास पर सभी को भोजन के लिए आमंत्रित किया। जिसके साथ ही गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनके वर्तमान जीवन, जरूरतों और पुनर्वास की स्थिति का जायजा लिया।

इसको लेकर बताया जा रहा है कि आत्मसमर्पण कर चुके लोग अब सामान्य जीवन से संतुष्ट और पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित व स्थिर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सरकार की पहल और सहयोग के लिए गृहमंत्री का आभार भी जताया है। वहीँ सौ से अधिक पूर्व नक्सली आज विधानसभा की कार्यवाही देखेंगे। गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस पर कहा कि जिन पूर्व नक्सलियों ने कभी भारत के संविधान को नहीं माना, आज वे लोकतंत्र के मंदिर विधानसभा में बैठकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को देखेंगे। यह इतिहास में पहली बार है जब पुनर्वास कर चुके पूर्व नक्सलियों को सदन की कार्यवाही देखने का अवसर दिया जा रहा है।