भारतमाला मुआवजा घोटाला में लंबे समय से फरार तत्कालीन SDM निर्भय साहू गिरफ्तार, सामने आई ये जानकारी….।

रायपुर : भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाला मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी तत्कालीन SDM निर्भय कुमार साहू को ACB-EOW ने गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्यवाही ACB-EOW में दर्ज अपराध के तहत की गई है। आरोपी को विशेष न्यायालय रायपुर में पेश किया गया, जहां से उसे 17 मार्च से 30 मार्च 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया। इस दौरान उससे घोटाले के मामले में पूछताछ की जायेगी। इस मामले की जांच में सामने आया है कि रायपुर-विशाखापट्नम और दुर्ग बायपास भारतमाला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमिततायें की गई है। आरोपी निर्भय कुमार साहू ने अनुविभागीय अधिकारी एवं सक्षम प्राधिकारी, भू-अर्जन अभनपुर, जिला रायपुर के पद का दुरुपयोग करते हुए अधीनस्थ पटवारी, राजस्व निरीक्षक और जमीन कारोबारियों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा गया था।

षड्यंत्र के तहत अभनपुर तहसील के ग्राम नायकबांधा, उगेतरा, उरला, भेलवाडीह और टोकरो की जमीनों को बैक डेट में छोटे-छोटे हिस्सों में विभाजित कर दिया गया। इसके बाद वास्तविक मुआवजे से कई गुना अधिक राशि का भुगतान किया गया।इतना ही नहीं, नायकबांधा जलाशय की पहले से अधिग्रहित भूमि को भी भारतमाला परियोजना के नाम पर दोबारा अधिग्रहित दिखाकर मुआवजा दिया गया, जिससे शासन को करोड़ों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी ने उच्चतम न्यायालय में जमानत याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया था। साथ ही विशेष न्यायालय द्वारा आरोपी और अन्य फरार लोकसेवकों के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट और उद्घोषणा भी जारी की गई थी, जिसको लेकर कार्यवाही जारी थी। निर्भय कुमार साहू लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।