बिलासपुर : मोबाईल फटने के कई मामले सामने आ चुके है, ऐसे मोबाईल धारक एक अन्जाने खतरे में रहता है। न्यायधानी के सरकंडा स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे छात्र राम कश्यप के साथ एक ऐसी ही चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शनिवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच पढ़ाई खत्म करने के बाद वह खाना खाने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान उनके साथ मौजूद दोस्त शिवेंद्र सिंह ने देखा कि उनकी पैंट की जेब से अचानक धुआं निकल रहा है। देखते ही देखते धुआं आग में बदल गया और जेब में रखा हुआ मोबाईल तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही की धमाका काफी ज्यादा नहीं था, पहले भी ऐसे मामलों में बड़े धमाके और हादसे सामने आ चुके है। हालाँकि अब भी छात्र को काफी नुकसान पहुंचा है।
मोबाईल ब्लास्ट से हाथ-पैर झुलसे :
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि छात्र के पास वन प्लस कंपनी का मोबाईल था, जो अचानक ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में छात्र को दाहिने पैर और दोनों हाथों में गंभीर जलने की चोटें आई हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए छात्र ने तुरंत अपनी पैंट उतार दी, जबकि उसके दोस्त ने आग बुझाने में मदद की। उनकी सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, वरना आग और फैल सकती थी। छात्र को उसके साथियों ने अस्पताल ले जाकर इलाज करवाया। वहीँ इस घटना से छात्र सहम गया। इस घटना के बाद छात्र के दोस्त ने मोबाईल कंपनी में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मोबाईल में धमाका किस कारण हुआ, लेकिन शुरुआती तौर पर बैटरी फटने की आशंका जताई जा रही है। आमतौर पर लिथियम बैटरी गर्म होने पर फट जाती है, इसके चार्ज को लेकर सावधानी बरतना जरुरी है और तीन साल से ज्यादा होने पर अगर मोबाईल गर्म होता है तो उसे बदलना ही बेहतर है।



