रायपुर : कल एक व्यक्ति ने अपनी सालियों पर जानलेवा हमला कर दिया था, जिसमें एक साली की मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीँ दूसरी तरफ अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच लड़ रही दूसरी साली दुर्गेश्वरी ने भी बुधवार सुबह दम तोड़ दिया है। अब इस मामले में दो युवतियों की मौत हो चुकी है। इस मामले की कार्यवाही मोवा थाना के अंतर्गत की जा रही है, जहाँ से ये खौफनाक मामला सामने आया है।
क्या है मामला?
इस घटना में मिली पूरी जानकारी इस प्रकार है, जहाँ मोवा बाजार क्षेत्र में मंगलवार देर रात जीजा ने दो सालियों की गोली मारकर हत्या कर दी। बड़ी बहन गीतांजली वर्मा (26) की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना में घायल दूसरी युवती दुर्गेश्वरी वर्मा (24) की भी इलाज के दौरान सुबह मौत हो गई। उसे गंभीर हालत में डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी जितेंद्र वर्मा (32) पेशे से बाउंसर है और उसके पास लाइसेंसी पिस्टल भी थी। उसका अपनी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा के साथ पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था। यह विवाद काफी लम्बे समय तक जारी रहा।
विवाद के बाद पत्नी बच्चे को लेकर बहन के घर चली गई :
इस मामले में मंगलवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद पत्नी अपने बच्चे को लेकर अपनी बहन गीतांजली के घर चली गई। बताया जा रहा है कि बाद में पत्नी बच्चे को वहीं छोड़कर दूसरी बहन के घर चली गई थी। इस दौरान आरोपी जितेंद्र ने पत्नी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। इससे नाराज होकर वह रात करीब 11 बजे ससुराल पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। वह बच्चे से मिलने की जिद कर रहा था। इस दौरान उसकी दोनों सालियां गीतांजली और दुर्गेश्वरी बाहर आईं और उसे बताया कि बच्चा घर पर नहीं है। साथ ही उसे वहां से जाने के लिए कहा, जिसके बाद उनके बीच काफी कहासुनी हुई।
आक्रोशित होकर आरोपी ने पांच राउंड फायरिंग कर दी :
इसी बात से आक्रोशित होकर आरोपी ने अपना आपा खो दिया और पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पांच राउंड फायर किये। फायरिंग में एक गोली गीतांजली के माथे पर लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर गई और उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी गोली दुर्गेश्वरी के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसकी इलाज के दौरान आज मौत हो गई है।
थाने में किया आत्मसमर्पण, पुलिस ने किया गिरफ्तार :
इस मामले में पुलिस ने बताया है कि इस घटना के बाद आरोपी जितेंद्र वर्मा खुद थाने पहुंचा और खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय आरोपी नशे में था। इस घटना की सूचना मिलते ही मोवा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने गीतांजली को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश्वरी की इलाज के दौरान मौत हो गई।



