सामने आया भयानक हादसा : सड़क किनारे खड़ी बोलेरो में लगी भीषण आग, अंदर बैठा बच्चा बड़ी मुश्किल से बचा।

सूरजपुर : बढ़ती गर्मी में इलेक्ट्रॉनिक सामानों में आग लगाना, शोर्ट सर्किट जैसे मामले सामने आ रहे है, ऐसे ही सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में उस समय एक बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक बोलेरो वाहन में अचानक आग लग गई। घटना के वक्त वाहन के अंदर एक बच्चा मौजूद था, जिसे समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इस घटना के दौरान मदद के लिये चीख पुकार मच गई और वहां खड़े लोग सहम गये, यह आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी बोलेरो जलकर खाक हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना सोनगरा बाजार के पास की है। बताया जा रहा है कि बोलेरो वाहन ग्राम चिकनी धरमपुर निवासी रामजीवन की थी। वाहन चालक बच्चे को गाड़ी में बैठाकर एसी चालू कर बाजार चला गया था, उस दौरान गाड़ी में बच्चा बैठा हुआ था। अंदेशा जताया जा रहा है कि एसी में अचानक आग लगी होगी, जिसके बाद अचानक वाहन से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में बोलेरो आग की लपटों में घिर गई।

आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में बैठे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा वाहन जलकर राख हो गया। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या एसी में अचानक आग लगी होगी, जिसको आग लगने की वजह माना जा रहा है।