वैध दस्तावेज ना मिलने पर जीएसटी विभाग ने लोहे के सामान से भरा माजदा गाड़ी किया जब्त।

तखतपुर : जीएसटी चोरी पर विभाग सख्त है और लगातार कार्यवाही करने में जुटा हुआ है। ऐसे ही बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में इन दिनों जीएसटी विभाग की टीम लगातार सक्रिय नजर आ रही है। कर चोरी और बिना वैध दस्तावेजों के माल परिवहन करने वालों पर विभाग की नजर बनी हुई है। इसी कड़ी में आज जीएसटी टीम ने लोहे का सामान लेकर जा रहे एक माजदा वाहन पर कार्यवाही की है, विभाग लगातार मालवाहकों पर नजर बनाये हुये है।

जानकारी के अनुसार जीएसटी विभाग की टीम ने जांच के दौरान एक माजदा वाहन को रोका, जिसमें भारी मात्रा में लोहे का सामान भरा हुआ था। जांच के दौरान वाहन चालक से माल संबंधित दस्तावेज मांगे गये, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेज नहीं मिलने पर टीम ने कार्यवाही करते हुए वाहन सहित सामान को जब्त कर तखतपुर थाने के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीँ जीएसटी विभाग ने ऐसी कार्यवाहियां लगातार करने की बात कही है।

इन दिनों जीएसटी चोरी और बिना बिल के माल परिवहन के मामलों में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है, जिसके चलते विभाग लगातार जांच अभियान चला रहा है। जीएसटी विभाग की इस कार्यवाही के बाद व्यापारियों और माल परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है। जीएसटी विभाग का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्यवाही जारी रहेगी। बिना वैध दस्तावेजों के माल परिवहन करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जायेगी। ऐसे में कारोबारी सावधानी बरते और ऐसे कृत्य ना करें।