शर्मसार हुई वर्दी, थाने की बैरक में शराब पार्टी, दो प्रधान आरक्षकों पर गिरी गाज, एसपी अंकिता शर्मा ने किया निलम्बित।

राजनांदगांव : जैसे व्यापारी के लिये दुकान की गद्दी महत्वपूर्ण स्थान रखती है और घर की लक्ष्मी के लिये रसोईघर वैसे ही पुलिस अधिकारियों के लिये महत्वपूर्ण होती है, ऐसे में इनका फर्ज बनता है कि वह उस जगह की मर्यादा का पालन करें। वहीँ सामने आया मामला है, जिसमें राजनांदगांव जिले में पुलिस विभाग ने अनुशासनहीनता के मामले में बड़ी कार्यवाही करते हुए थाना सोमनी में पदस्थ दो प्रधान आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों पुलिसकर्मी थाना परिसर स्थित बैरक में शराब सेवन करते पाये गये थे, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सख्त कदम उठाते हुए कार्यवाही के आदेश जारी किये। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा अपनी कड़ी कार्यवाही के लिये जानी जाती है।

इसके साथ ही सामने आया है कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार प्रधान आरक्षक हेमंत अनंत और प्रधान आरक्षक भूपेंद्र कोचे 25 मई 2026 की रात करीब 10 बजे थाना सोमनी परिसर स्थित बैरक में शराब पार्टी करते पाये गये थे। इस मामले की जानकारी सामने आने के बाद इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए विभागीय स्तर पर तत्काल कार्यवाही की गई है। आदेश में दोनों प्रधान आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव संबद्ध किया गया है। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निलंबन अवधि के दौरान दोनों बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।

पुलिस विभाग की इस कार्यवाही को अनुशासन बनाये रखने की दिशा में सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक पुलिस लाइन और थाना परिसरों में अनुशासनहीनता को लेकर पहले भी चेतावनी दी जा चुकी थी, बावजूद इसके बैरक में शराब सेवन का मामला सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया। राजनांदगांव पुलिस की इस कार्यवाही के बाद विभाग में हड़कंप का माहौल है। वहीं पुलिस महकमे में इसे साफ संदेश माना जा रहा है कि ड्यूटी और विभागीय अनुशासन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। वहीँ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा का कड़ा निर्देश है कि सभी आरक्षक अपनी जिम्मेदारी का पालन कड़ाई से करें।