बिलासपुर : सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर एक महिला की छवि धूमिल करने की कोशिश करने वाले आरोपी को तोरवा पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में पहुंचा दिया है। आरोपी चुकेंद्र साहू ने महिला का फोटो एडिट कर उसे वायरल कर दिया था। आरोपी की गिरफ्तारी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि साईबर माध्यम से महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा। महिला संबंधी अपराधों के प्रति संवेदनशीलता और त्वरित कार्यवाही की नीति के तहत थाना तोरवा पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। तोरवा थाना पुलिस ने महिला की छवि धूमिल करने वाले आरोपी को सक्ती जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
इस मामले में पीड़िता ने 4 जून को थाना तोरवा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका परिचित चुकेन्द्र साहू उर्फ प्रांशु उसकी तस्वीरों से छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर रहा है।पुलिस के मुताबिक आरोपी का उद्देश्य महिला को बदनाम करना और उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तोरवा थाना पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की थी।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबीर की सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन मालखरौदा, जिला सक्ती में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय चुकेन्द्र साहू उर्फ प्रांशु के रूप में हुई है, जो सक्ती जिले के अड़भार का रहने वाला है। कार्यवाही में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 77 बीएनएस और 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 जून 2026 को एक पीडि़ता ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसके परिचित चुकेन्द्र साहू उर्फ प्रांशु ने उसके फोटो के साथ छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया है।



