राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ में बारिश की कमी, गर्मी और उमस से बेहाल आम जन, मानसून को लेकर सामने आई जरुरी जानकारी।

रायपुर : बारिश की आंखमिचौली जारी है, वहीँ आपको बता दें कि आम आदमी गर्मी और उमस से परेशान है तो वहीँ छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अब मानसून की गतिविधियों में तेजी आने वाली है। आने वाले 3 से 4 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों में भी आगे बढ़ने के लिए स्थितियां पूरी तरह अनुकूल बन गई हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही बारिश होगी।

मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के लिए प्रदेश में मध्यम से तीव्र मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही 27 जून से पूरे राज्य में वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है। आज प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की बात कही गई है, साथ ही एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। अगले दो दिनों के बाद भी स्थिति ऐसी ही बनी रहने का अनुमान है।

शनिवार से मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। कई इलाकों में आज भारी बारिश होने के आसार हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में तीन अलग-अलग मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज होंगी। इसके चलते अगले तीन से चार दिनों में मानसून प्रदेश के शेष हिस्सों में भी पूरी तरह सक्रिय हो जायेगा।