इंदौर (म.प्र.) : सोशल मीडिया के जरिये पहचान छिपाकर एक युवती से दोस्ती करने और मिलने पहुंचने का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी अनस खान पर आरोप है कि उसने ऑनलाईन ऐप पर खुद का नाम ‘रोहित’ बताकर युवती से संपर्क साधा था। सोमवार को जब वह युवती से मिलने इंदौर पहुंचा, तो उसकी वास्तविक पहचान उजागर होने पर विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं और युवती ने युवक की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
ऑनलाईन ऐप पर ‘रोहित’ बनकर की थी दोस्ती :
मिली जानकारी के अनुसार, युवती मूल रूप से राजस्थान के श्रीगंगानगर की रहने वाली है। उसका अपने पति से तलाक हो चुका है और वह वर्तमान में इंदौर के गौरीनगर क्षेत्र में अपनी बहन के साथ रहकर ब्यूटी पार्लर का कोर्स कर रही है। युवती का आरोप है कि एक ऑनलाईन ऐप के माध्यम से अनस खान ने शुरुआत में अपनी पहचान ‘रोहित’ के रूप में बताई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और फोन पर भी संपर्क होने लगा। बाद में युवती को युवक की असल पहचान की जानकारी हुई, जिसको लेकर उसने कड़ा विरोध जताया।
होटल में रुकने की बात पर खुला राज और बढ़ा विवाद :
अनस सोमवार को युवती से मिलने के लिये गाजियाबाद से इंदौर आया था। आरोप है कि वह युवती को बहाने से होटल में रुकने के लिये साथ ले गया। इसी दौरान युवक के नाम और पहचान को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं तक पहुंच गई।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं और युवती ने की पिटाई, पुलिस को सौंपा :
सूचना मिलने पर बजरंग दल के विभाग संयोजक प्रवीण दरेकर अन्य कार्यकर्ताओं सहित मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने वहां अनस खान को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। वहीं, धोखे में रखे जाने से नाराज युवती ने भी गुस्से में आकर युवक को चप्पलों से पीटा। युवती का कहना था कि युवक ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर उससे दोस्ती की और उसे लगातार धोखे में रखा। हंगामे के बाद कार्यकर्ताओं ने अनस खान को पुलिस के हवाले कर दिया।
दोनों पक्षों के आरोपों पर पुलिस कर रही जांच :
घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक पर पहचान छिपाने व धोखेबाजी के आरोपों के साथ-साथ उसके साथ हुई मारपीट के मामले की भी जांच की जायेगी। दोनों पक्षों के बयानों और तथ्यों की पुष्टि के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।



