रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रहने वाले कारोबारी दीपक कुमार मित्तल की चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 55 से 56 वर्ष के दीपक मित्तल 21 अक्टूबर 2026 को होटल के कमरे में अचेत अवस्था में मिले थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चंडीगढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मार्कफेड की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे चंडीगढ़ :
जानकारी के मुताबिक, दीपक कुमार मित्तल राइस मिल के मालिक थे और पंजाब सरकार को राशन किट की आपूर्ति करने वाले कांट्रैक्टर के तौर पर काम करते थे। वह चंडीगढ़ में मार्कफेड (Markfed) की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिये आए हुए थे। इसी दौरान सेक्टर-17 के ताज होटल में उनकी मौत हो गई।
होटल के कमरे में अचेत मिले कारोबारी :
बुधवार, 21 अक्टूबर को होटल के एक वेटर के कमरे में पहुंचने पर दीपक मित्तल अचेत अवस्था में मिले। होटल प्रबंधन को सूचना देने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। बुधवार, 21 अक्टूबर को होटल के एक वेटर के कमरे में पहुंचने पर दीपक मित्तल अचेत अवस्था में मिले।
कमरे से शराब और दवाइयां मिलने की जानकारी :
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को होटल के कमरे से शराब और कुछ दवाइयां मिली हैं। शुरुआती तौर पर अत्यधिक शराब के सेवन या दवाइयों के ओवरडोज का आशंका जताई जा रही है। हालांकि, फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
रात में कमरे पर आई थी युवती, पुलिस कर रही पूछताछ :
जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि घटना से पहले रात के समय एक युवती दीपक मित्तल के होटल के कमरे में आई थी। पुलिस महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि महिला से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारोबारी की मौत की असल वजह स्पष्ट हो पायेगी।



