बंगाल में बदले जायेंगे सड़कों और जगहों के नाम, ‘कोई रोड मुगल-पठान के नाम पर नहीं’, मुख्यमंत्री शुभेंदु ने बनाई कमेटी।

कोलकाता (प.बंगाल) : भाजपा के एजेंडे में सभी जगहों को अपने मूल नामों पर वापस लाने का प्रयास जारी है, इसी को लेकर जानकारी मिली है कि, पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मुगलों, पठानों या ब्रिटिश शासकों के नाम पर सड़कें या इलाके नहीं होंगे। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में मंगलवार को दी है। वहीँ विधानसभा में राज्यपाल के भाषण पर चर्चा के दौरान बोलते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु ने सड़कों और क्षेत्रों के नामों की समीक्षा के लिए एक कमेटी बनाने की भी घोषणा की है, जिसके बाद प्रस्तावित नामों की चर्चा करके उनके बदलाव किया जायेगा।

सुहरावर्दी एवेन्यू का नाम बदलने पर विधानसभा में बहस :

दरअसल, कोलकाता नगर निगम द्वारा शहर के पार्क सर्कस क्षेत्र की सड़क सुहरावर्दी एवेन्यू का नाम बदलकर गोपाल मुखर्जी रोड कर दिया गया है। मंगलवार को विधानसभा में सड़क के असली नाम के पीछे के ऐतिहासिक संदर्भ पर बहस हुई। विपक्ष के नेता रीताब्रत बनर्जी ने सुहरावर्दी एवेन्यू का नाम बदलने पर सवाल उठाये और कहा कि इतिहास से छेड़छाड़ की जा रही है।

इसके साथ ही उन्होंने तर्क दिया है कि सुहरावर्दी एवेन्यू का नाम पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री हुसैन शहीद सुहरावर्दी के नाम पर नहीं रखा गया था, जिन पर 1946 में कोलकाता (तब कलकत्ता) में कई लोगों की हत्याआों का आरोप है, बल्कि उनके दादा मौलाना ओबैदुल्ला सुहरावर्दी के नाम पर रखा गया था। सड़क का नाम 1932 में सर हसन सुहरावर्दी के नाम पर रखा गया था, जो एक जाने-माने डॉक्टर और कलकत्ता यूनिवर्सिटी के पहले मुस्लिम वाइस-चांसलर थे। ऐसे में इन जगहों के नामों को बदलने की कवायद शुरू की जायेगी।

सीएम ने रीताब्रत बनर्जी को दिया जवाब :

वहीँ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रीताब्रत बनर्जी के दावे का जवाब दिया और कोलकाता में कोई मुगल, पठान या अत्याचारी ब्रिटिश नाम नहीं होंगे। मुख्यमंत्री अधिकारी ने सुहरावर्दी एवेन्यू का नाम बदलने की तारीफ़ की है और इसे ऐतिहासिक गलती को ठीक करने की दिशा में एक कदम बताया है। उन्होंने सड़कों और पब्लिक जगहों के नामों को रिव्यू करने के लिए एक कमेटी बनाने की घोषणा की है, जिससे जगहों के नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा है कि पैनल को स्वामी प्रदीपानंद महाराज हेड करेंगे, जिन्हें कार्तिक महाराज के नाम से जाना जाता है और लोग कमेटी को सुझाव दे सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “सिस्टर निवेदिता को छोड़कर, कोई विदेशी नाम नहीं रहेगा। अगर एपीजे अब्दुल कलाम जैसे सच्चे देशभक्त हैं तो हमें जानकारी दें और राज्य सरकार उन्हें सम्मानित करेगी। आप बंगाली संस्कृति और गौरव को मिटा नहीं सकते।”