पंडरी कपड़ा मार्केट में निगम ने प्रकाश होजियरी होलसेल दुकान से हटाया अवैध कब्जा, की बुलडोजर कार्यवाही।

रायपुर : निगम लगातार अवैध कब्जों पर कार्यवाही कर रहा है, ऐसे ही राजधानी रायपुर के पंडरी कपड़ा मार्केट में नगर निगम ने अवैध कब्जे के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी। जहाँ नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को पंडरी स्थित सबसे पुराने प्रकाश होजियरी होलसेल शॉप पहुंची, जहां नाली को ढंककर किये गये अवैध निर्माण को हटाने की कार्यवाही की गई, बताया गया है कि पाटे बनाकर कर उन पर सामान रखा गया था, जिससे नाली जाम हो रही थी।

जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक ने नाली को कवर करने के लिए पाटा बनाकर उस पर कब्जा कर लिया था। इस मामले की शिकायत स्थानीय बस्तीवासियों ने नगर निगम से की थी। जिसको लेकर शिकायत में आरोप लगाया गया था कि नाली ढंकी होने के कारण उसकी नियमित सफाई नहीं हो पाती, जिससे बारिश के दौरान जल निकासी बाधित होती है और बस्ती में पानी भर जाता है, जिससे स्थानीय वासी खासे परेशान रहते है।

इस शिकायत के आधार पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और अवैध कब्जा हटाने की कार्यवाही शुरू की गई। निगम अधिकारियों का कहना है कि नाली पर किया गया यह निर्माण पूरी तरह अवैध था, जिसे हटाया जा रहा है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक नालियों और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्यवाही जारी रहेगी। नगर निगम ने नालियों पर अवैध कब्जे करके सामान रखने से मना किया है, ऐसे में नालियों की सफाई नहीं हो पाती है, जिसे निगम को तोड़ना पड़ता है।