सक्ती : सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत कैथा गांव में 22 अक्टूबर की दरमियानी रात एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
पड़ोसी ही निकला हत्या का आरोपी :
मृतका की पहचान लक्ष्मी बाई के रूप में हुई है, जबकि हत्या के आरोप में पड़ोस में ही रहने वाले रंजीत धनवार को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जानकारी देते हुए एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही हसौद थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू की।
वारदात के बाद छिपने के लिये भागा था आरोपी :
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पड़ोस में रहने वाले रंजीत धनवार ने महिला के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और वारदात के बाद फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की तो पता चला कि वह बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र में छिपकर रह रहा है। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई और रात में ही घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
शराब पीने के बाद अक्सर होता था विवाद :
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह, उसकी पत्नी और मृतिका तीनों शराब पीने के आदी थे। शराब पीने के बाद उनके बीच अक्सर विवाद और कहासुनी होती रहती थी। इसी आपसी विवाद के चलते उसने लक्ष्मी बाई के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी रंजीत धनवार को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। फिलहाल, इस पूरे मामले में आगे की वैधानिक जांच जारी है।



