दुर्ग/भिलाई : किसी का प्यार या सम्मान जोर जबरदस्ती नहीं मिल सकता, इस बात को समझना जरुरी है, कम उम्र में बहके युवा बिना सोचे समझे अपराधों की तरफ आगे बढ़ जाते है, जो किसी की गमगीन मौत का कारण तो बनता ही है, लेकिन अपराध करने के बाद अपने परिवार के लिये भी शर्मिंदगी पैदा कर देता है, ऐसे ही एक मामले को लेकर भिलाई में PG में घुसकर 19 वर्षीय युवती की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी को बलौदाबाजार से गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग का निकला, जिसमें युवती की हत्या करने वाला आरोपी युवती का दूर का परिचित युवक था।
बताया गया है कि भिलाई के रामनगर में बेमेतरा निवासी खुशी साहू अपने रूममेट के साथ रहती थी। वह नर्सिंग की पढ़ाई करते हुए नजदीक के कैफे में जॉब करती थी, अपनी पढ़ाई का खर्चा भी वह खुद उठाती थी। वहीँ फिर अचानक 10 जुलाई को अचानक अज्ञात युवक ने खुशी साहू को चाकू मार दिया , जिससे युवती की मौत हो गई और आरोपी फरार हो गया। इस दौरान रूममेट बाथरूम में थी। वह बाथरूम से निकलकर ख़ुशी के परिजनों को सम्पर्क किया और मकान मालिक के साथ खुशी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बातचीत से इंकार करने पर वारदात को दिया अंजाम :
इसके बाद परिजनों की शिकायत पर थाना वैशाली नगर में अपराध दर्ज कर तकनीकी साक्ष्य के आधार पर बलौदाबाजार निवासी आरोपी लाकेश्वर साहू उर्फ पिन्टू को बलौदाबाजार से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पुलिस ने बताया गया कि आरोपी मृतिका से एकतरफा प्रेम करता था। खुशी ने बातचीत करने से इंकार किया तो आरोपी ने योजना बनाकर उसकी हत्या कर दी और फिर वो फरार हो गया।
गला दबाने के बाद चाकू से किया था वार :
मामले में सामने आया है कि आरोपी लाकेश्वर साहू रायपुर से भिलाई पहुंचकर धारदार हथियार (चाकू) खरीदा था। पहचान एवं साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसने दो शर्ट तथा पैंट के अंदर बरमूडा पहन रखा था। कमरे में विवाद होने पर आरोपी ने मृतिका का गला दबाया और फिर चाकू से उसके अलग-अलग हिस्सों पर प्राणघातक हमला किया। इस घटना के बाद आरोपी ने पहने हुए कपड़े एवं जूते नदी में फेंककर सबूत मिटाने का काम किया। वहीँ अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन उसके इस कृत्य से एक परिवार को अपनी बच्ची खोनी पड़ गई, जो अब कभी लौटकर नहीं आयेगी।



