गांधीनगर (गुजरात) : भारी बारिश का कहर कई जगहों पर बरपा है, ऐसे ही गुजरात में तीन दिन से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़ गये हैं। दक्षिण गुजरात के एक बड़े हिस्से में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है, यहाँ लोगों के लिये भारी बारिश मुसीबत का सबब बन गई है। यहाँ 38 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया है जबकि प्रभावित क्षेत्रों में फंसे 352 से ज्यादा लोगों को बचाया गया। ताप्ती जिले में एक व्यक्ति की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में NDRF और सेना की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं है, इसके साथ ही लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुँचाने का कार्य भी किया जा रहा है। वहीं, प्रशासन ने स्कूल बंद कर दिए और मुंबई जाने वाली ट्रेनों को रद्द कर दिया।
नवसारी और वलसाड़ सबसे ज्यादा प्रभावित :
बारिश से नवसारी और वलसाड जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा सूरत, अहमदाबाद, खेड़ा, तापी और डांग में भी बुधवार से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अकेले वलसाड में करीब 1,200 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। वहीं, वलसाड और पड़ोसी जिले नवसारी से मिलाकर 22,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत कार्य लगातार जारी है। लोगों को खाने-पीने की समस्या भी खड़ी हो गई है।
शनिवार को भी बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज बंद :
आपको बता दें कि दक्षिण गुजरात के जिलों के अलावा अहमदाबाद और खेड़ा जिलों में भी मूसलाधार बारिश हुई है। अहमदाबाद में भारी बारिश के कारण कई आवासीय सोसायटियों और सड़कों पर जलभराव हो गया है। जिससे शहर में लोग लंबे ट्रैफिक जाम में फंसे रहे। तापी और डांग दो अन्य ऐसे जिले रहे जहां भारी बारिश हुई है। शुक्रवार को सभी प्रभावित जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद रखे गये थे। अहमदाबाद में शनिवार को भी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। आंगनबाड़ी केंद्र 27 जुलाई तक बंद रहेंगे। कुछ दिन तक कई कार्य यहाँ बंद रहेंगे।
कहां-कितनी बारिश हुई?
- राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) की ओर से शेयर किए गए 24 घंटे के बारिश के आंकड़ों के अनुसार, खेड़ा जिले के मेहमदाबाद में सबसे अधिक 507 मिमी बारिश दर्ज की गई।
- अहमदाबाद के ढोलका में 473 मिमी, नवसारी के चिखली में 451 मिमी, वलसाड के उमरगांव में 434 मिमी और नवसारी के खेरगाम में 434 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस अवधि के दौरान राज्य के 35 तालुकों में 200 मिमी से अधिक बारिश हुई।
- शुक्रवार सुबह छह बजे से चार घंटे के दौरान वाव-थराद जिले के देवदर में 153 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि खेड़ा के मेहमदाबाद में 129 मिमी बारिश हुई।
- आंकड़ों के अनुसार, पाटन, अमरेली और बनासकांठा वे अन्य जिले हैं, जहां शुक्रवार सुबह से बारिश फिर से शुरू हुई है।
- ताप्ती जिले की अंबिका नदी और पार, औरंगा तथा दमन गंगा जैसी अन्य नदियां उफान पर हैं, जिससे इनके किनारे बसे निचले इलाकों में पानी भर गया।
कब तक बरसेंगे बदरा?
मौसम विभाग ने बताया है कि शुक्रवार को महीसागर, पंचमहल और दाहोद के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया था। वहीं, वलसाड, ताप्ती, नवसारी, सूरत, भरूच, वडोदरा, अहमदाबाद, खेड़ा, गांधीनगर और आणंद सहित दक्षिण व मध्य गुजरात के कई जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया। शनिवार के लिए साबरकांठा और अरावली को ‘ऑरेंज अलर्ट’ क्षेत्र में रखा गया है जबकि रविवार के लिए बनासकांठा व साबरकांठा को ‘ऑरेंज अलर्ट’ क्षेत्र में रखा गया है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार से बारिश कम होने की संभावना है। वहीँ आगे भी प्रशासन सावधानी बरत रहा है और लोगों से सावधान रहने की अपील की है।



