महामाया मंदिर में चोरी करने वाला अमन यादव सीसीटीवी से पकड़ाया, मंदिर में ही करता था काम।

बलौदाबाजार : आमतौर पर मंदिरों में चोरी करने वालों का कोई ईमान धरम नहीं होता, फिर भी कई चोर भगवान से माफ़ी मांगकर भी चोरी करते है, लेकिन मामला तब ज्यादा शर्मनाक हो जाता है, कि मन्दिर में सेवा करने वाला आदमी ही चोर निकल जाये, ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहाँ बलौदाबाज़ार शहर के प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर में दिनदहाड़े माता के सोने के गहनों की चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्यवाही में आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए सभी सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन को बरामद कर लिया गया है। is मामले का खुलासा मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर हुआ है, जिसके कारण आरोपी का सुराग मिला।

मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 19 स्थित मां महामाया मंदिर में माता की प्रतिमा से सोने के गहने चोरी होने की घटना से पूरे शहर में हड़कंप मच गया था, जिसके कारण पुलिस पर चोर को पकड़ने का दबाव बना हुआ था। मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध युवक मंदिर परिसर में घूमता नजर आया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान कर उसे हिरासत में लिया।

मंदिर में साफ-सफाई करता था आरोपी :

मामले की पूछताछ में आरोपी की पहचान अमन कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मंदिर परिसर में साफ-सफाई का कार्य करता था। इसी वजह से उसे मंदिर की व्यवस्था और गहनों की जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि आरोपी मंदिर का नियमित कर्मचारी था या किसी अन्य व्यवस्था के तहत वहां काम करता था। 

आरोपी की निशानदेही पर चोरी के गहने बरामद :

वहीँ पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गये माता के सभी सोने के गहने सुरक्षित बरामद कर लिये है। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और त्वरित जांच के चलते महज 24 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज चोरी का खुलासा संभव हो सका है। इस मामले की जांच अभी भी जारी है और पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। पुलिस आरोपी के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी जुटा रही है।