रायपुर : राजधानी में रोजाना छोटे-बड़े 50 से ज्यादा एक्सीडेंट सामने आ रहे है, जो कई बार जानलेवा बन रहे है, इनमे मुख्यरूप से तेज रफ़्तार बसें, ई-रिक्शा, मालवाहक प्रमुख रूप से जिम्मेदार है। वहीँ आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज फिर से भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां एक यात्री बस ने स्कूटी चालक और बच्चे को अचानक टक्कर मार दी। गनीमत रही कि हादसे में दोनों को सिर्फ चोटें आई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसके बाद इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
घटना वहां स्थित सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, यह घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र में पचपेड़ी नाका से संतोषी नगर जाने वाली सर्विस रोड पर हुई है। इसको लेकर बताया जा रहा है कि बस सर्विस रोड से रिंग रोड की ओर की जा रही थी। इसी दौरान उसने स्कूटी सवार गौतम पठानी और उसके 3 साल के मासूम को टक्कर मार दी, जिससे वो सड़क पर आ गिरे और उनका वाहन बस में फंस गया, जिसको घसीटता हुआ बस चालक ले गया, दुर्घटना के बाद भी वह नहीं रूका।
इस घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि घटना के बाद स्कूटी बस के नीचे फंस जाती है और दूर तक घसीटती है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े और गौतम को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीँ कार्यवाही को लेकर अभी कुछ भी पता नहीं चल पाया है।



