ठगी के आरोपी को पकड़ने के लिये पीड़ित के पैसे फ्लाईट से गये पुलिसकर्मी, 8 अधिकारी निलम्बित।

बिलासपुर : ठगी के मामले में आरोपी को पकड़ने थाना प्रभारी के नेतृत्व में कटघोरा पुलिस व साईबर थाना की संयुक्त टीम ट्रेन के बजाये फ्लाईट से दिल्ली गई। इस मामले की जानकारी मिलने पर बिलासपुर रेंज आईजी ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए थाना प्रभारी सहित 8 पुलिसकर्मियों को निलम्बित कर दिया है। बताया गया है कि बिलासपुर जिले में धोखाधड़ी के मामले में विवेचना करने के लिए कटघोरा थाने के 3 प्रधान आरक्षकों और 2 आरक्षकों ने ट्रेन से दूसरे राज्य जाने की आईजी कार्यालय से अनुमति ली थी, और उसके बाद सभी पुलिसवाले पीड़ित पक्ष के खर्च से हवाई जहाज से विवेचना करने चले गये। जिसके बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आईजी कार्यवाही करते हुए सभी आरक्षकों को निलम्बित कर दिया है।

मामले के अनुसार जिला कोरबा थाना कटघोरा के अपराध क्रमांक 175/26 बीएनएस की धारा 318, 3, 5 के अपराध में विवेचना के लिए ट्रेन से अन्य राज्य जाने हेतु पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों ने बिलासपुर रेंज आईजी कार्यालय से अनुमति ली गई थी। ठगी के मामले में आरोपी को पकड़ने थाना प्रभारी के नेतृत्व में कटघोरा पुलिस व सायबर थाना की संयुक्त टीम ट्रेन के बजाए फ्लाईट से दिल्ली गई। मामले की जानकारी मिलने पर बिलासपुर रेंज आईजी ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए टीआई समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलम्बित कर दिया।

बिना अनुमति हवाई यात्रा :

पीड़ित पक्ष से शिकायत मिलने पर इस मामले की जांच करवाई गई थी। जांच में उक्त शिकायत सही पाई गई। 18 अगस्त 2026 को आईजी रामगोपाल गर्ग ने अनुमति का उल्लंघन करते हुए बिना अनुमति के हवाई यात्रा कर कर्तव्यों के पालन में गंभीर ‘लापरवाही बरतते हुए अनुशासनहीनता करने वाले कटघोरा थाना के प्रधान आरक्षक गुना सिन्हा, राजेश कंवर, गोपाल यादव व आरक्षक सुशील यादव, प्रशांत सिंह तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मुताबिक मामले में आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने बिना अनुमति हवाई जहाज से यात्रा की। इसे संज्ञान में लेते हुए बिलासपुर आईजी की ओर से टीम पर कार्यवाही की गई है। अब केस में आगे जांच की जा रही है।