शांति नगर रेलवे ट्रैक के पास जली मिली महिला की पहचान, दो साल पहले चली गई थी घर छोड़कर

बिलासपुर। शांति नगर रेलवे ट्रैक के पास बुरी तरह झुलसी हालत में मिली महिला की पहचान उसके पति और बेटे ने की है। महिला की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी। पहचान नहीं हो पाने के कारण जांच आगे नहीं बढ़ रही थी। बता दें कि बीते 27 जनवरी को रात 8:00 बजे उक्त महिला को 70% जली हालत में रेलवे ट्रैक के पास पाया गया था। पुलिस ने उसे सिम्स में उपचार के लिए दाखिल कराया, जहां उसकी मौत हो गई।

हालत गंभीर होने के कारण उसका कोई भी बयान दर्ज नहीं किया जा सका था। महिला के बारे में जानकारी लेने के लिए पुलिस ने उसका हुलिया और सामान सोशल मीडिया पर वायरल किया था। सिविल लाइन थाने में कल परसदा के संतोष कुमार गुप्ता (60 वर्ष) ने अपने बेटे ओमप्रकाश (18 वर्ष) के साथ पहुंचकर बताया कि मृतक के जेवर और कपड़े उसकी पत्नी राजरानी गुप्ता (48 साल) के हैं।

पति ने बताया है कि 2 साल पहले उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद वह बिलासपुर में किसी दूसरे व्यक्ति के साथ रह रही थी। उसका अपने परिवार वालों से संपर्क नहीं था। अब पुलिस जांच को आगे बढ़ाते हुए यह जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है कि बिलासपुर में वह कहां पर और किसके साथ रहती थी। इससे मालूम हो सकेगा कि जलने की घटना कैसे हुई है।