अंतर्राज्यीय सीमा पर जुये के बड़े अड्डे पर पुलिस का छापा, 1.34 करोड़ नकद और 28 वाहन जब्त, छत्तीसगढ़ के 37 लोगों पर केस दर्ज।

मोहला/कोरची : छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले अंतर्गत कोरची तहसील के गहनेगट्टा जंगल में संचालित अवैध जुए के बड़े फड़ पर पुलिस ने जबर्दस्त छापा मारा है। बेड़गांव पुलिस सहायता केंद्र की सीमा के भीतर एंटी नक्सल यूनिट सी-60 और पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से अंजाम दी गई इस कार्यवाही को अंतरराज्यीय सीमा पर अब तक की सबसे बड़ी सफलता माना जा रहा है। पकड़े गए अधिकांश जुआरी छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से संबंध रखते हैं।

गोपनीय सूचना पर सी-60 कमांडो ने दी दबिश :

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बेड़गांव पुलिस सहायता केंद्र के अंतर्गत गहनेगट्टा वन क्षेत्र में 52 ताश के पत्तों पर लाखों रुपये का दांव लगाकर बेखौफ जुआ खेले जाने की पुख्ता गोपनीय सूचना मिली थी। इसके पश्चात महाराष्ट्र पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक दिनेश खोटेले के नेतृत्व में दो निरीक्षकों और सी-60 दल ने सुनियोजित तरीके से जंगल में दबिश दी। इस छापेमारी कार्यवाही के दौरान मौके पर भगदड़ मच गई, जिसमें से 31 लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जबकि छह आरोपी घने जंगल और अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में सफल रहे।

1.34 करोड़ नकद और 28 वाहन जब्त :

इस सघन कार्यवाही के दौरान पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से कुल 1 करोड़ 34 लाख 14 हजार 10 रुपये की नकदी बरामद की है। इसके साथ ही मौके से 22 चार पहिया वाहन, 6 दो पहिया वाहन, 26 मोबाइल फोन और ताश के पत्तों सहित जुए की अन्य सामग्रियां जब्त की गई हैं।

37 आरोपियों पर मामला दर्ज, फरार लोगों की तलाश जारी :

पकड़े गए आरोपियों में शैलेंद्र कुमार साहू (उम्र 26, निवासी बेलरगोंदी छुरियां, जिला राजनांदगांव) और मोहम्मद बसीर (उम्र 48, निवासी वार्ड नंबर 12, राजनांदगांव) सहित मोहला-मानपुर, डोंगरगांव, डोंगरगढ़, दुर्ग-भिलाई और चिचोला के जुआरी शामिल हैं।

मौके से फरार हुए सोनू कांबले (दुर्ग), इमरान शेख (डोंगरगांव), बबलू खटीक (भिलाई), रोहित साहू (राजनांदगांव), बसंत सोनी (दुर्ग) और अबुल वर्मा (राजनांदगांव) सहित जांच में सामने आए अन्य नामों—छत्रपति बांगरे, अमजद खान, तालिब, राजा ब्रैंड उर्फ राजा श्रीवास और हेमंत राजपूत समेत कुल 37 आरोपियों के खिलाफ कोरची थाने में महाराष्ट्र गैंबलिंग एक्ट की धारा 12(A) के तहत अपराध क्रमांक 0133/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।