बिलासपुर : न्यायधानी में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने और सोशल मीडिया पर उसका वीडियो साझा कर रौब जमाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में त्वरित स्तर पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने कुल तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पहला मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत सामने आया। यहाँ ग्राम लोखंडी निवासी साहिल यादव ने जन्माष्टमी पर्व के दौरान अपने कुछ साथियों के साथ हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो के व्यापक रूप से वायरल होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की पहचान सुनिश्चित की और घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। युवक के पास से हथियार जब्त करते हुए उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई।
वहीं, दूसरी महत्वपूर्ण कार्यवाही चकरभाठा थाना पुलिस द्वारा की गई। सूचना मिली थी कि रेलवे ओवरब्रिज के पास कुछ युवक आम राहगीरों के बीच चाकू चमकाकर भय का वातावरण निर्मित कर रहे हैं। पुलिस ने त्वरित दबिश देकर मौके से शनि ध्रुव और शुभम वर्मा नामक दो आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से अवैध बटनदार चाकू बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूरी करने के उपरांत आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर रील्स, व्यूज और झूठी वाहवाही के चक्कर में हथियारों का प्रदर्शन न करें। सार्वजनिक स्थलों अथवा डिजिटल मंचों पर किसी भी प्रकार के घातक हथियारों का प्रदर्शन गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में बिना किसी रियायत के दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।



