राजधानी के वेलनेस सेंटर में एमडीएमए ड्रग्स सिंडिकेट का बड़ा खुलासा, ट्रांसजेंडर और दो युवतियां गिरफ्तार, डेढ़ लाख का माल बरामद।

रायपुर : खम्हारडीह थाना क्षेत्र के शंकरनगर में संचालित ‘रेमेडी सेलून एवं वेलनेस सेंटर’ में पुलिस ने छापे की कार्यवाही करते हुए एक ट्रांसजेंडर और दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 15 ग्राम एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स जब्त की गई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने यह कार्यवाही मुखबिर की पुख्ता सूचना के आधार पर की है। मामले में ड्रग्स आपूर्ति करने वाले गिरोह की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्यवाही की जायेगी।

मसाज के बहाने चेंजिंग रूम में नशा, पार्टियों में भी होती थी सप्लाई :

पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में आशा नायक (निवासी सुपेला, दुर्ग), कृष्णा तिवारी (निवासी पंडरी) और ट्रांसजेंडर हेमंत थापा (निवासी अवंति विहार) शामिल हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी वेलनेस सेंटर में आने वाले चुनिंदा ग्राहकों को यह प्रतिबंधित सिंथेटिक ड्रग सप्लाई करते थे। ग्राहक मसाज कराने के बहाने सेंटर पहुंचते थे और चेंजिंग रूम में ड्रग्स का सेवन करते थे। चेंजिंग रूम में सीसीटीवी कैमरा न होने का फायदा उठाकर यह अवैध धंधा चलाया जा रहा था। इसके अलावा कुछ अन्य युवक यहां से शहर के होटल, क्लब, पब, बार और रईस पार्टियों में भी नशीले पदार्थों की खेप पहुंचाते थे।

डीवीआर जब्त; फुटेज खंगाल रही पुलिस, संदिग्धों को किया जायेगा तलब :

पुलिस ने वेलनेस सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर अपने कब्जे में ले लिया है। डीवीआर की मदद से सेंटर में आने-जाने वाले सभी संदिग्धों की जानकारी जुटाई जायेगी। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस संदिग्ध ग्राहकों और आगंतुकों को पूछताछ के लिए थाने तलब करेगी।

मुंबई, गोवा और राजस्थान से जुड़ा अंतर्राज्यीय नेटवर्क :

जांच में खुलासा हुआ है कि इस गिरोह को मुंबई, दिल्ली, गोवा और राजस्थान से ड्रग्स की सप्लाई मिल रही थी। पकड़े जाने के डर से आरोपी पूरा नेटवर्क मैनुअल तरीके से संचालित करते थे और हर बार अलग-अलग सप्लायर इनके पास डिलीवरी देने पहुंचते थे। आरोपी पहले ग्राहकों की प्रोफाइल की पड़ताल करते थे, फिर उन्हें नशा ऑफर करते थे। ड्रग्स खरीदने वालों में कई युवक-युवतियां शामिल हैं। पुलिस अब उस मुख्य सप्लायर नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है, जिसके खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।