रायपुर : भाठागांव स्थित अंतर्राज्यीय बस स्टैंड से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक बस कंडक्टर ने बस के भीतर ही फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पूरे बस स्टैंड परिसर में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि यह घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र की है। बस के अंदर कंडक्टर का शव फंदे पर लटका हुआ मिला, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटी :
सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा की कार्यवाही पूरी की। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
आत्महत्या की वजह अब भी अज्ञात :
मृतक की पहचान को लेकर फिलहाल आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है। कंडक्टर ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
दूसरी घटना : रॉयल ट्रेवल्स की बस में देर रात लगी आग, मची अफरा-तफरी :
एसी से उठा धुआं, परिसर में मचा हड़कंप :
इसके साथ ही भाठागांव बस स्टैंड पर शुक्रवार देर रात परिसर में खड़ी रॉयल ट्रेवल्स की एक बस में अचानक आग लग गई। मिली जानकारी के अनुसार, देर रात बस के एयर कंडीशनर (एसी) से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते बस से गहरा धुआं उठता देख बस स्टैंड परिसर में हड़कंप मच गया और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
समय रहते बुझाई गई आग, टला बड़ा हादसा :
बस से धुआं निकलता देख आसपास मौजूद लोगों और बस चालकों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
तकनीकी खराबी आग लगने की संभावित वजह :
प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि बस के एसी में आई किसी तकनीकी खराबी के चलते यह आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।



