शराब के नशे में धुत्त मिले ASI और आरक्षक, लावारिस छोड़ी INSAS राइफल, देखें विडियो।

अंबिकापुर : कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मी ही जब अपनी ड्यूटी के दौरान घोर लापरवाही बरतने लगें, तो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दुर्ग जिले से कैदी को अंबिकापुर जेल शिफ्ट करने आए एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) और आरक्षक कथित तौर पर शराब के नशे में धुत्त मिले।

प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास नशे की हालत में पड़े मिले :

मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मी दुर्ग जिले में पदस्थ हैं और वे शासकीय कार्य से एक कैदी को अंबिकापुर जेल में शिफ्ट करने के लिये आए थे। जेल में दाखिला कराने के बाद दोनों प्रतीक्षा बस स्टैंड पहुंचे, जहां वे अत्यधिक शराब के नशे में धुत्त हालत में पड़े मिले। दोनों की इस स्थिति को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

लावारिस हालत में मिली शासकीय INSAS राइफल :

लापरवाही की हद तब देखने को मिली जब दोनों पुलिसकर्मी अपनी सरकारी INSAS राइफल भी मौके पर लावारिस हालत में छोड़ गए। बस स्टैंड जैसे व्यस्त क्षेत्र में आधुनिक हथियार को इस तरह असुरक्षित देखकर स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर भारी चिंता फैल गई।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस :

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना तत्काल बस स्टैंड चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम फौरन मौके पर पहुंची और लावारिस हालत में पड़ी INSAS राइफल को अपने कब्जे में ले लिया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया संज्ञान, विभागीय कार्यवाही तय :

सर्विस हथियार जैसी संवेदनशील चीज को सार्वजनिक स्थल पर इस तरह छोड़ने की घटना ने पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी और सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इसका संज्ञान लिया है और दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जा रही है।