सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कपड़ा दुकान पर साड़ी खरीदने के बहाने चोरी करने का मामला सामने आया है। लटोरी चौकी क्षेत्र के करवां में स्थित एक कपड़ा दुकान और उसके गोदाम से करीब 36 हजार रुपये की साड़ियां गायब होने के बाद पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें राजस्थान के बारां जिले की 10 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई साड़ियां भी बरामद की हैं।
दो कारों से पहुंची थीं महिलाएं, नजर बचाकर की चोरी :
मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर की शाम कुछ महिलाएं दो कारों में सवार होकर लटोरी-करवां मार्ग पर स्थित कपड़ा दुकान में साड़ी खरीदने पहुंचीं। इस दौरान महिलाओं ने दुकानदार को बातों व खरीदारी में उलझाए रखा और उसकी नजर बचाकर साड़ियों की चोरी कर ली। इस बीच दुकान से लगे गोदाम से भी साड़ियों के बंडल पार कर दिए गए।
स्टॉक का मिलान करने पर हुआ खुलासा :
महिलाओं के जाने के बाद जब दुकानदार ने साड़ियों के स्टॉक का मिलान किया, तो भारी कमी पाई गई। जांच करने पर करीब 36 हजार रुपये मूल्य की साड़ियां गायब होने की बात सामने आई। इसके बाद पीड़ित दुकानदार ने तत्काल मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।
बनारस रोड किनारे तंबू में डेरा डाले थे संदिग्ध :
शिकायत मिलते ही लटोरी चौकी पुलिस ने तफ्तीश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बनारस रोड के किनारे तंबू लगाकर कुछ संदिग्ध महिला-पुरुष रह रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर पूछताछ की और त्वरित कार्यवाही करते हुए 12 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
चोरी की साड़ियां बरामद, आगे की जांच जारी :
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोगों में राजस्थान के बारां जिले की 10 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सभी साड़ियां बरामद कर ली गई हैं। यह पूरा मामला सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत करवां का है। मामले में पुलिस की वैधानिक कार्यवाही जारी है।



