नशीली गोलियों का अवैध कारोबार करने वाले दो आरोपी रोहित धरमवानी और करण यादव गिरफ्तार, जब्त हुआ एक लाख से ज्यादा का सामान।

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के अवैध क्रय-विक्रय के विरुद्ध चलाये जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शहर में प्रतिबंधित नशीली टैबलेट नाइट्रोसन-10 (निट्राजेपम) की अवैध बिक्री और तस्करी में लिप्त दो युवकों को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 209 नशीली टैबलेट, अपराध में प्रयुक्त स्कूटी तथा एक मोबाईल फोन बरामद किया है। जब्त की गई कुल संपत्ति का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1,43,600 रुपये आंका गया है। मामले में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत मुकद्दमा दर्ज कर नशीली दवाओं की सप्लाई और वितरण नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है।

मुखबीर की पुख्ता सूचना पर तेलघानी नाका ओवरब्रिज के पास घेराबंदी :

गंज थाना पुलिस एवं एएनटीएफ को 18 अक्टूबर को विश्वसनीय मुखबीर से गोपनीय सूचना मिली थी कि रेल्वे स्टेशन से सटे गंज क्षेत्र अंतर्गत तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे एक संदिग्ध युवक दोपहिया वाहन पर अवैध रूप से नशीली टैबलेट लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों के निर्देश पर टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मौके पर सुनियोजित घेराबंदी की। पुलिस दल ने संदेह के आधार पर स्कूटी सवार युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

स्कूटी की डिक्की से 209 नशीली गोलियां बरामद, दस्तावेज दिखाने से इंकार :

पूछताछ के दौरान पकड़े गये युवक ने अपनी पहचान रोहित धरमवानी (27 वर्ष), निवासी पार्वती नगर, मुर्राभट्ठी, गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में बताई। पुलिस टीम द्वारा उसकी स्कूटी (क्रमांक CG 04 RC 5848) की डिक्की की विधिवत तलाशी लेने पर उसमें से भारी मात्रा में निट्राजेपम (नाइट्रोसन-10) की टैबलेट बरामद हुईं। चिकित्सकीय परामर्श के बिना इन नशीली गोलियों को रखने, परिवहन करने अथवा बेचने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या डॉक्टरी पर्चा युवक प्रस्तुत नहीं कर सका और उसने कोई भी वैध कागजात होने से साफ इंकार कर दिया। इसके पश्चात पुलिस ने स्कूटी और प्रतिबंधित टैबलेट्स को तुरंत जब्त कर लिया।

फाफाडीह क्षेत्र से मुख्य सप्लायर करण यादव भी गिरफ्तार :

कड़ाई से की गई पूछताछ में रोहित धरमवानी ने स्वीकार किया कि उसे यह नशीली टैबलेट फाफाडीह क्षेत्र के निवासी करण यादव (28 वर्ष) ने बिक्री के लिये उपलब्ध कराई थीं। इस महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल फाफाडीह क्षेत्र में दबिश देकर करण यादव को भी धर दबोचा। इस प्रकार पुलिस ने न केवल खुदरा स्तर पर बिक्री करने वाले आरोपी को पकड़ा, बल्कि स्थानीय स्तर पर गोलियां उपलब्ध कराने वाले मुख्य सप्लायर को भी बेनकाब कर दिया।

एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) के तहत मुकद्दमा दर्ज :

इस मामले में गंज थाने में अपराध क्रमांक 313/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 22(ख) के अंतर्गत मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जायेगा।

मोबाईल डेटा और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की सघन पड़ताल में जुटी साईबर सेल :

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिये गहन जांच-पड़ताल कर रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि नाइट्रोसन-10 जैसी अत्यधिक संवेदनशील और प्रतिबंधित दवाएं आरोपियों तक किस माध्यम से पहुंचाई जा रही थीं। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार अंतर्राज्यीय नशा तस्करों से भी जुड़े हो सकते हैं। इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है कि क्या नशीली दवाओं की यह खेप सीमावर्ती राज्य ओड़िशा अथवा अन्य बड़े राज्यों से रेल्वे मार्ग या कूरियर के जरिये रायपुर लाई गई थी।

जब्त किये गये मोबाईल फोन को तकनीकी विश्लेषण के लिये साईबर सेल को सौंपा गया है। कॉल डिटेल्स, व्हाट्सएप चैट और ऑनलाईन लेन-देन के रिकॉर्ड खंगालकर यह पता लगाया जा रहा है कि शहर में किन-किन असामाजिक तत्वों और नशे में धुत्त रहने वाले युवाओं को यह नशीली गोलियां बेची जानी थीं। पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की लाईन पर काम करते हुए पूरे नेटवर्क को पूरी तरह ठप्प करने की दिशा में अग्रसर है।

त्यौहारी सीजन में पुलिस की कड़ी निगरानी, नागरिकों से सतर्कता की अपील :

आगामी त्यौहारी सीजन के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों और अवैध नशीली दवाओं के विरुद्ध अभियान को और तेज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा और सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्यवाही की जायेगी। पुलिस ने आम नागरिकों और युवाओं से अपील की है कि वे समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अवैध नशीली दवाओं की बिक्री की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने में दें।