धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले की करेलीबड़ी पुलिस चौकी ने मामूली विवाद पर अपने ही पड़ोसी पर जानलेवा हमला करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने अपशब्दों का विरोध करने पर युवक के पेट में धारदार चाकू से प्राणघातक वार कर दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया स्टील का चाकू भी बरामद कर लिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर उपचार के लिये रायपुर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है।
गाली-गलौज का विरोध करने पर किया हमला :
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम धौराभाठा निवासी प्रार्थिया तामेश्वरी साहू ने शिकायत दर्ज कराई कि उनका पड़ोसी अवधराम साहू आए दिन अपने घर की बाड़ी में गाली-गलौज करता रहता था। 21 अक्टूबर की रात करीब 7:30 बजे जब तामेश्वरी के पति रोशन साहू और एक अन्य पड़ोसी चुम्मन साहू ने अवधराम को अपशब्द कहने से मना किया, तो वह भड़क गया। तैश में आकर उसने जान से मारने की धमकी दी और पास रखे सब्जी काटने वाले स्टील के चाकू से रोशन साहू के पेट पर जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में :
इस हमले में रोशन लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े, जिन्हें गंभीर हालत में तत्काल उर्मिला अस्पताल, रायपुर ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर करेलीबड़ी चौकी पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 एवं 109(1) के तहत मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर 56 वर्षीय आरोपी अवधराम साहू (पिता स्वर्गीय खोरबाहरा साहू) को हिरासत में ले लिया।
ईंटों के नीचे छिपाकर रखा था चाकू :
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के आंगन में ईंटों के टुकड़ों के नीचे छिपाकर रखा गया धारदार चाकू बरामद किया गया। समस्त वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत 24 अक्टूबर को आरोपी को सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



