बलरामपुर : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में नेशनल हाईवे-343 पर टमाटर से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना होते ही वाहन में लदे टमाटर सड़क पर दूर तक बिखर गये। इसके बाद घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों के बीच टमाटर उठाने और समेटने की होड़ मच गई। यह पूरा वाकया बलरामपुर कोतवाली क्षेत्र के अधौरा गांव का बताया जा रहा है।
अंबिकापुर से झारखंड की ओर जा रही थी पिकअप :
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन अंबिकापुर से भारी मात्रा में टमाटर लादकर झारखंड की ओर रवाना हुआ था। इसी दौरान एनएच-343 पर अधौरा गांव के समीप चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते पिकअप बेकाबू होकर सीधे सड़क किनारे पलट गई। हादसा होते ही सड़क पर लाल टमाटरों का ढेर लग गया, जिसे देख आसपास के ग्रामीण फौरन मौके पर एकत्रित हो गये और बोरियों व बर्तनों में टमाटर भरने लगे।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार, जांच जारी :
दुर्घटना के तुरंत बाद पिकअप चालक के मौके से फरार हो जाने की पुष्टि हुई है। यह हादसा किन परिस्थितियों में घटित हुआ और चालक वाहन छोड़कर क्यों भाग गया, इसे लेकर स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है तथा घटना के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है।



