दूसरे पति राकेश साहू ने महिला को पीट-पीटकर किया अधमरा, फिर मदद के लिये आगे आया पहला पति।

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट कर उसे अधमरी हालत में जंगल में फेंक दिया गया। करीब 6 महीने पहले अपने पहले पति और मासूम बच्ची को छोड़कर भागी महिला ने प्रेमी संग मंदिर में शादी रचाई थी। इसके बाद उसके दूसरे पति ने घुमाने के बहाने जंगल ले जाकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया और उसे मरा समझकर मौके से फरार हो गया। पीड़िता के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। यह पूरा मामला झिलमिली थाना क्षेत्र का है।

मंदिर में रचाई थी शादी, चरित्र शंका में की दरिंदगी :

मिली जानकारी के अनुसार, कोरिया जिले के झलियाडांड निवासी महिला करीब 6 माह पूर्व अपने पति और दुधमुंही बच्ची को छोड़कर बैकुंठपुर निवासी राकेश साहू के पास चली गई थी। दोनों ने मंदिर में विवाह किया और इसके बाद 6 महीने तक बिना किसी को जानकारी दिये साथ रह रहे थे। बीते दिनों आरोपी राकेश साहू महिला को घुमाने के बहाने बड़सरा के जंगल ले गया। वहां उसने महिला पर चरित्र शंका का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू किया और उसके साथ जमकर मारपीट की। जब महिला लहुलूहान होकर बेसुध हो गई, तो आरोपी उसे मृत समझकर जंगल के सूनसान इलाके में छोड़कर भाग निकला।

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, बच्ची की खातिर साथ खड़ा हुआ पहला पति :

जंगल में तड़प रही महिला पर जब स्थानीय ग्रामीणों की नजर पड़ी, तो उन्होंने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान पहुँचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुये जिला चिकित्सालय सूरजपुर रेफर कर दिया गया, जहां उसका सघन इलाज जारी है।

अस्पताल में होश में आने के बाद पीड़िता ने अपने दूसरे पति राकेश साहू पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बीच महिला का पहला पति अपनी मासूम बच्ची की खातिर मदद के लिये आगे आया और उसके साथ खड़ा नजर आया। पहले पति का कहना है कि महिला बीते 6 महीने से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उसने बैकुंठपुर थाने में दर्ज करा रखी थी। इस मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की विस्तृत वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।