रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर चलती ट्रक में लगी भीषण आग, ओवरब्रिज पर मची अफरा-तफरी, टला बड़ा हादसा।

बलौदाबाजार : रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दामाखेड़ा ओवरब्रिज के ऊपर चल रहे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया। हालांकि, पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मची अफरा-तफरी :

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रक में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी। घटना ओवरब्रिज के ऊपर हुई, जिससे कुछ देर के लिये मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

सुबह 5:45 बजे आग पर पाया गया काबू :

पुलिसकर्मियों और दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत करते हुए आग बुझाने का प्रयास किया। आखिरकार सुबह लगभग 5:45 बजे आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या जानमाल के बड़े नुकसान की खबर नहीं है।

भाटापारा से सामग्री लेकर रायपुर जा रहा था ट्रक :

बताया जा रहा है कि ट्रक भाटापारा से पारले बिस्किट कंपनी में बिस्कुट निर्माण के लिये इस्तेमाल होने वाली सामग्री लेकर रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान दामाखेड़ा ओवरब्रिज पर अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते ट्रक आग की लपटों में घिर गया।

क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन से हटाया, यातायात हुआ सामान्य :

आग बुझने के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक को मुख्य मार्ग से हटाकर किनारे किया गया। फिलहाल रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह से सामान्य हो चुका है। पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित मुस्तैदी के चलते समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।