सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड का झांसा देकर बुजुर्ग से 11.29 लाख की साईबर ठगी, 9 बार में निकाले रुपये।

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड बनाने का झांसा देकर साईबर ठगों ने 70 वर्षीय बुजुर्ग को अपना शिकार बना लिया। आरोपियों ने बुजुर्ग के बैंक खाते से नौ बार में कुल 11 लाख 29 हजार रुपये निकाल लिये। मामले में सिविल लाईन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फेसबुक पर विज्ञापन देखकर किया लिंक क्लिक :

मिली जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग ने फेसबुक पर ICICI बैंक के लोगो वाला एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड बनाने से संबंधित जानकारी दी गई थी। इस पर भरोसा करते हुए बुजुर्ग ने विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक कर दिया। इसके बाद ठगों ने कथित तौर पर पेंशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया के नाम पर उनसे पैन कार्ड, बैंक खाते और एटीएम से संबंधित जानकारी हासिल कर ली।

नौ बार में खाते से निकाले 11.29 लाख रुपये :

बुजुर्ग से बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल करने के बाद आरोपियों ने उनके खाते को निशाना बनाया। ठगों ने नौ अलग-अलग लेनदेन के जरिए खाते से कुल 11 लाख 29 हजार रुपये निकाल लिये। खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने के बाद साईबर ठगी का मामला सामने आया।

सिविल लाईन पुलिस ने दर्ज किया केस :

मामले की शिकायत के बाद बिलासपुर की सिविल लाईन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ठगी में शामिल आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।