ओड़िशा के कोटपाड़ में कत्लखाने से 27 गायें मुक्त, 9 क्विंटल गौमांस बरामद; गौ सेवकों ने की निष्पक्ष कार्यवाही की मांग।

जगदलपुर : बस्तर जिले के गौ सेवकों द्वारा गौवंश संरक्षण के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। इस बीच ओड़िशा के कोटपाड़ में 27 गायों को कत्लखाने से बचाया गया। वहीं मौके से लगभग 9 क्विंटल गौमांस भी बरामद किया गया। गौ सेवकों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्यवाही की मांग की है।

गौ सेवकों ने उठाया था गौवंश संरक्षण का मुद्दा :

जिले के गौ सेवकों ने ओड़िशा के विधायक रूपु भतरा से मुलाकात कर गौवंश की सुरक्षा और संरक्षण का विषय प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद कोटपाड़ में यह कार्यवाही हुई। पुलिस कार्यवाही के बाद कत्लखाने से बचाई गई 27 गायों में से 19 गायों को जिले के कुरंदी स्थित हैप्पी कामधेनु गौशाला को सुपुर्द किया गया, जबकि 8 गायों को कोटपाड़ के स्थानीय गौपालकों को सौंप दिया गया।

परिवहन और बिक्री से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने की मांग :

गौ सेवकों के अनुसार, इस मामले का एक गंभीर पहलू गौमांस के कारोबार का संभावित विस्तार छत्तीसगढ़ के जगदलपुर तक होना है। उनका कहना है कि पूर्व में पकड़े गए एक गौमांस तस्करी के आरोपी ने स्वीकार किया था कि वह कोटपाड़ क्षेत्र से गौमांस का परिवहन कर बेचता है। ऐसे में गौ सेवकों ने संबंधित एजेंसियों से मामले की व्यापक जांच कर गौवंश वध, गौमांस के परिवहन और बिक्री से जुड़े संभावित नेटवर्क का पता लगाने की मांग की है।

निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्यवाही की मांग :

गौ सेवक मुन्ना बजरंगी ने कहा कि 27 गायों को कत्लखाने से बचाया जाना राहत की बात है, लेकिन मौके से लगभग 9 क्विंटल गौमांस की बरामदगी इस मामले की गंभीरता को दर्शाती है। गौवंश की सुरक्षा के लिये इस पूरे मामले से जुड़े लोगों, परिवहन के रास्तों और मांस की बिक्री के संभावित ठिकानों की भी जांच होनी चाहिए। इसके साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाए।

गौ सेवक रोहन घोष ने कहा कि ओड़िशा में भाजपा की सरकार बनने के बाद कोटपाड़ में 27 गायों को बचाया जाना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसियों को मामले की तह तक जाकर यह पता लगाना चाहिए कि गौमांस का स्रोत क्या था, उसका परिवहन किन रास्तों से किया जा रहा था। यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्यवाही की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बस्तर और ओड़िशा के गौ सेवक आपसी समन्वय के साथ गौवंश की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिये निरंतर प्रयास करते रहेंगे।

विधायक और पुलिस विभाग का जताया आभार :

गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक पनपलिया ने कोटपाड़ में गौवंश को बचाने और गौमांस बरामदगी की बड़ी कार्यवाही के लिये ओड़िशा के विधायक रूपु भतरा के साथ पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले की गहन जांच कर गौवंश वध एवं गौमांस के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।