कोण्डागांव से लापता युवती जबलपुर से सकुशल बरामद : साईबर सेल की मदद से पुलिस को मिली सफलता, सामने आई ये जानकारी….।

कोण्डागांव : जिले से लापता हुई युवती को कोण्डागांव पुलिस ने मध्यप्रदेश के जबलपुर से सकुशल दस्तयाब कर लिया है। 27 अक्टूबर को युवती के लापता होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस और साईबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश शुरू की थी। लोकेशन जबलपुर में मिलने के बाद विशेष टीम को रवाना किया गया, जहां से युवती को बरामद कर कोण्डागांव लाया गया। आवश्यक पूछताछ और वैधानिक कार्यवाही के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

मोबाईल घर पर छोड़कर निकली थी युवती :

पुलिस के मुताबिक, बाजार पारा निवासी आदित्य सिंह राठौर ने 27 अक्टूबर को थाना कोण्डागांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मामा की लड़की दोपहर करीब 2 बजे बिना बताए घर से कहीं चली गई है। युवती अपना मोबाईल फोन भी घर पर ही छोड़ गई थी। परिजनों और रिश्तेदारों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किये जाने की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 342/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत जांच शुरू की।

साईबर सेल की तकनीकी मदद से जबलपुर में मिली लोकेशन :

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश पर थाना कोण्डागांव और साईबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा और एसडीओपी कोण्डागांव रूपेश कुमार के पर्यवेक्षण में पुलिस ने युवती की तलाश शुरू की। साईबर सेल से मिली तकनीकी जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर युवती की लोकेशन जबलपुर में ट्रेस हुई। इसके बाद एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीम मध्यप्रदेश के लिये रवाना की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए युवती को सकुशल दस्तयाब किया और 31 अक्टूबर को उसे कोण्डागांव लेकर पहुंची।

पूछताछ में पारिवारिक नाराजगी की बात सामने आई :

पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि वह किसी अपराध का शिकार नहीं हुई थी। उसके अनुसार, पारिवारिक नाराजगी के चलते वह बिना बताए घर से चली गई थी। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्यवाही और पूछताछ पूरी करने के बाद युवती को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवती के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस की त्वरित कार्यवाही के लिये आभार जताया।