रामपुर (उ.प्र.) : उत्तर प्रदेश की रामपुर जिला जेल के बाहर शनिवार शाम उस समय अचानक बड़ा सियासी और कानूनी घटनाक्रम देखने को मिला, जब दो पैन कार्ड मामले में जमानत मिलने के बाद रिहा हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने जेल की दहलीज पर ही अपनी हिरासत में ले लिया। वहीं, उनके पूर्व विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम औपचारिक प्रक्रियाओं के बाद रिहा होकर अपने घर रवाना हो गए।
आजम खां को ईडी टीम द्वारा अपने साथ ले जाए जाने की सूचना मिलते ही जेल के बाहर जुटे सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने जांच एजेंसी की कार्यवाही के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
जेल के बाहर दिनभर बना रहा गहमागहमी का माहौल :
दो पैन कार्ड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद रामपुर की एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट ने दोनों नेताओं के रिहाई परवाने जारी कर दिए थे। शनिवार सुबह से ही रामपुर जेल के बाहर समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और परिजनों की भारी भीड़ जुटी हुई थी। किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिये जिला प्रशासन ने जेल परिसर और आसपास के चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये थे।
जमानत और जुर्माने के 6.25 लाख रुपये जमा होने के बाद मिली थी रिहाई :
अदालती आदेश के अनुपालन में शुक्रवार को दोनों नेताओं की तरफ से जुर्माने की आधी राशि और जमानतियों की रकम के रूप में कुल 6.25 लाख रुपये नजारत में जमा कराए गए थे। इसमें आजम खां की ओर से 3.50 लाख रुपये और अब्दुल्ला आजम की ओर से 2.75 लाख रुपये शामिल थे। कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शनिवार शाम दोनों की रिहाई का रास्ता साफ हुआ था।
जेल से बाहर आते ही बदला घटनाक्रम :
जैसे ही दोनों नेता जेल से बाहर निकले, पहले से मुस्तैद ईडी की टीम ने आजम खान को अपनी हिरासत में ले लिया और अपनी गाड़ी में बैठाकर रवाना हो गई। इस औचक कार्यवाही से मौके पर मौजूद समर्थकों में भारी नाराजगी फैल गई और माहौल गरमा गया। दूसरी ओर, अब्दुल्ला आजम समर्थकों के साथ अपने आवास के लिये रवाना हो गए। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिये मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा घेरा बनाये रखा।
ED ने आजम खान को क्यों किया गया गिरफ्तार?
जौहर ट्रस्ट और विश्वविद्यालय में कथित धांधली के मामले में जेल से रिहा होते ही ईडी ने आजम खान को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि ईडी उन्हें गाजियाबाद कोर्ट में पेश करेगी।
ईडी ने 13 अक्टूबर को अजीमनगर थाने में आजम खान, उनके जौहर ट्रस्ट सहित पांच लोगों के खिलाफ विश्वविद्यालय निर्माण में सरकारी धन के गबन और धोखाधड़ी के आरोप में FIR दर्ज कराई थी। भ्रष्टाचार से जुड़े इस मामले में पुलिस आजम खान को रिमांड पर लेना चाहती है। इसके लिये न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया है। जानकारी के मुताबिक, आजम खान को रविवार को गाजियाबाद की PMLA कोर्ट में पेश किया जायेगा।



