जशपुर में 6 वर्षीय मासूम की नृशंस हत्या : शव से आंखें और किडनी गायब होने का दावा, पूरे क्षेत्र में सनसनी।

जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक ऐसी सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। सन्ना क्षेत्र में 6 वर्षीय पहाड़ी कोरवा मासूम बच्चे का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मामला हत्या का बताया जा रहा है। वहीं, घटना को लेकर सबसे चौंकाने वाला दावा यह है कि मासूम की हत्या के बाद उसकी आंखें और किडनी भी गायब हैं।

दो दिन पुरानी बताई जा रही वारदात :

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है और साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या करीब दो दिन पुरानी होने की आशंका जताई जा रही है।

सन्ना में दहशत और आक्रोश का माहौल :

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर छह साल के इस मासूम की जान किसने ली? हत्या के पीछे क्या वजह थी और बच्चे के शरीर से अंग गायब किसने किये हैं? इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद सन्ना क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।