कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा में चर्च के अंदर जमकर बवाल हुआ है। रजगामार स्थित चर्च में हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों के घुसने और महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी करने का आरोप लगा है। इसके बाद मारपीट की घटना सामने आई, जिसमें एक युवक की जमकर पिटाई कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित मसीही समुदाय के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया।
चर्च में घुसकर महिलाओं से की हुज्जतबाजी :
यह पूरा मामला कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, चर्च में कुछ लोगों के पहुंचने के बाद विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों ने चर्च में घुसकर महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी की। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान एक युवक की जमकर पिटाई किये जाने की बात सामने आई है।
नाराज लोगों ने किया चक्काजाम :
घटना से नाराज मसीही समुदाय के लोग सड़क पर उतर आये। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया और जमकर नारेबाजी की। इसके चलते कोरबा-रजगामार रोड पर काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनाक्रम की जानकारी ली और उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
पुलिस का आश्वासन और क्षेत्र का माहौल :
मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। शिकायत के आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी। फिलहाल लोगों को समझाइश देने के बाद चक्काजाम समाप्त करा दिया गया है।
बता दें कि कुछ दिनों पहले भी रजगामार में धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए विवाद हुआ था। उस दौरान भी पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था और क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी।



