बनने से पहले ही भरभराकर गंगा में गिर गया 1700 करोड़ का पूल, एक गार्ड लापता। देखें विडियो।

बिहार : उत्तर बिहार को दक्षिण बिहार से जोड़ने वाली बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत अगुवानी-सुल्तानगंज के बीच गंगा नदी पर 1710.77 करोड़ की लागत से बन रहा फोरलेन पुल रविवार शाम 6.15 बजे अचानक भरभराकर गंगा नदी में समा गया। इस घटना में एक गार्ड के लापता होने की सूचना है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन पुल गिरने से मौके पर अफरातफरी मच गई। यह पुल अगुवानी से सुल्तानगंज के बीच बन रहा था। इस पुल का पिलर संख्या 10, 11, 12 और निर्माणाधीन आधा 13 नंबर पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। तीनों पिलर एक-दूसरे से लिवर से जुड़े थे। इसके 120 से अधिक स्पैन ढहे हैं।

हैरानी की बात ये है कि 2 साल पहले भी इस पुल का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया था.  इस निर्माणाधीन पुल के कुछ हिस्से को अप्रैल में आंधी के कारण भी नुकसान पहुंचा था. खगड़िया -अगुवानी- सुल्तानगंज के बीच गंगा नदी पर बन रहा महासेतु का बीच का हिस्सा ध्वस्त हो गया.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत से मामले की विस्तृत जानकारी ली है। पुल के सुपर स्ट्रक्चर गिरने की घटना की विस्तृत जांच कराने के बाद दोषियों को चिह्नित कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि रविवार होने के कारण तीनों पिलरों पर काम नहीं चल रहा था। इस कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लोग एक गार्ड के लापता होने की बात कह रहे हैं। इस बीच अगुवानी-सुल्तानगंज के बीच नाव सेवा को भी बंद करा दिया गया है।

इधर, पुल बना रही एसपी सिंगला कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर आलोक कुमार झा ने बताया कि पाया नंबर 10 से 12 तक के सेगमेंट पायों के साथ गिरकर नदी में समा गए हैं। पुल निर्माण कंपनी को काफी क्षति हुई है। 

खगड़िया डीएम अमित कुमार पांडेय ने कहा कि किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। अधिकारी को घटनास्थल पर भेजा गया है। मिसिंग चेक कर रहे हैं।

पिलर संख्या 10 के फटने से ढहा पुल  

स्थानीय लोगों के अनुसार पिलर संख्या 10, जिसपर डॉल्फिन पर्यवेक्षण केंद्र बनना था, वह बीच से फटते हुए अपने साथ तीन और पिलरों को लेकर गिर गया।

अब तक की डेडलाइन 

पहली01 नवंबर, 2019
दूसरी20 दिसंबर, 2020
तीसरी30 जून, 2021
चौथी30 मार्च, 2022
पांचवीं 30 दिसंबर, 2022
छठवीं30 मार्च, 2023
सातवीं(संभावित)30 जून, 2023
आठवीं (संभावित)31 दिसंबर, 2023

एक नजर में पुल

पुल की लंबाई : 3.17 किलोमीटर का फोरलेन पुल

पुल की लागत : 1710.77 करोड़ 

काम शुरू हुआ : दो मई, 2015 से पिलर संख्या 10 पर डॉल्फिन पर्यवेक्षण केंद्र का भी होना था निर्माण। पुल के पहुंच पथ का 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।