ग्वालियर (म.प्र.) : मोहना इलाके में रहने वाली एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या करने वालों ने महिला के बेटे को आवाज दी, बेटा घर पर नहीं था, जैसे ही महिला घर के बाहर आई तो उसे कट्टे से गोली मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में दो आरोपित हिरासत में भी ले लिए हैं, जबकि मुख्य आरोपित फरार है। इस घटना के पीछे जमीनी विवाद वजह बताई जा रही है। चार दिन पहले भी इनमें झगड़ा हुआ था। उसी पर से महिला की हत्या कर दी गई।
मोहना थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवहरे कालोनी में रहने वाली लीला बाई पत्नी राजू बाथम उम्र 45 वर्ष अपने घर पर थी। रात करीब 9 बजे उनके पड़ोस में रहने वाला विक्की जाटव अपने साथी प्रीतम और विनोद के साथ आया। महिला के बेटे का नाम भी विक्की है। तीनों ने घर के बाहर से विक्की बाथम को आवाज दी। विक्की तो बाहर नहीं निकला, उसकी मां लीला बाई बाहर आ गई। जैसे ही वह बाहर आई तो विक्की जाटव ने कट्ट से गोली मार दी। गोली लगते ही महिला जमीन पर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपित भाग निकले। मोहना थाना प्रभारी कुलदीप बर्गे ने बताया कि लीला बाई और विक्की जाटव के बीच में खेत की मेढ़ को लेकर विवाद चल रहा है। इसी के चलते चार दिन पहले भी झगड़ा हुआ था। इस मामले में प्रीतम और विनोद को हिरासत में ले लिया है। तीसरे आरोपित की तलाश चल रही है। उसी ने गोली चलाई है। उसके घर दबिश दी तो उसके परिवार वाले भी घर से गायब मिले हैं। हालांकि पुलिस आरोपितों को तलाश रही है। लेकिन आरोपित अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस अफसरों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।



