आधी रात को डॉक्टर की कार के सामने आया युवक, मुंह पर धुआं छोड़ा, ले गया मोबाइल और रुपये।

ग्वालियर:  ग्वालियर के एक डॉक्टर को शातिर चोर ने निशाना बना डाला। आधी रात को डॉक्टर जब मरीज को देखकर घर लौट रहा था, तभी एक शातिर बदमाश कार के सामने आया। उसने मदद मांगने के नाम पर हाथ जोड़े, फिर मुंह पर धुआं छोड़ दिया। डॉक्टर की आंख बंद हो गई इतने में वह मोबाइल रुपए और कागज लेकर फरार हो गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

ग्वालियर के लश्कर स्थित सिंधी कॉलोनी में रहने वाले डॉ चंद्रप्रकाश सक्सेना पुत्र प्रेम प्रकाश सक्सेना बीती राज मरीज को देखने के लिए गए थे। वह मरीज को देखकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके दोस्त राजीव गुप्ता का फोन आ गया। दोस्त की मां की तबीयत अचानक खराब हो गई थी इसके चलते वह दोस्त की मां को देखने के लिए जाने लगे। जैसे ही कंपू इलाके में पहुंचे तो चौराहे पर अचानक कार के सामने एक युवक आ गया। युवक को सामने देखकर उन्होंने कार का ब्रेक लगाया। इसके बाद उसने विंडो पर हाथ मारे जिससे उन्होंने कांच खोल दिया। कांच खोलते ही उसने हाथ जोड़ें, डॉक्टर को लगा कोई मदद चाहिए होगी। देखते ही देखते हो उसने मुंह से धुआं छोड़ दिया। जैसे ही धुआं डॉक्टर के मुंह पर लगा तो उनकी आंख अचानक बंद हो गई। इसी दौरान डैशबोर्ड पर रखा मोबाइल और पर्स छीन कर भाग गया। 5 मिनट तक डॉक्टर की आंखें बंद रही। इसके बाद जब आंख खुली तो पर्स और मोबाइल गायब था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।