रायपुर : ईडी के छापों से परेशान है छत्तीसगढ़ के अधिकारी, व्यापारी और नेता, अगर कहा जाये तो इन छापों में भाजपा के एक पूर्व कद्दावर नेता का भी 2024 के केंद्र चुनाव के बाद फंसना तय है, मोदी जी ने राजधानी में आकर जो सभा ली थी उसमें उन्होंने स्पष्ट कहा था “कोई भी भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा” ये लहजा इतना सधा हुआ और तल्ख़ था कि इस लहजे से समय आने पर भाजपा से जुड़े भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा कसेगा। तब से वह कद्दावर नेता इस बार टिकट की जुगत में चिंता में बैठा है। खैर आइये खबर पर चलते है, आज फिर छत्तीसगढ़ में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) के छापे पड़े हैं। रायपुर में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा के देवेंद्र नगर स्थित निवास में दबिश दी गई है। घर के बाहर सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं। सीएम के ओएसडी आशीष वर्मा और मनीष बंछोर के घर पर भी तड़के टीम पहुंची है।
मनीष बंछोर, आशीष वर्मा के भिलाई तीन निवास और कारोबारी विजय भाटिया के नेहरू नगर ईस्ट स्थित मकान में सुबह से ईडी की टीम दस्तावेजों की जांच कर रही है। मकान के अंदर और बाहर सीआरपीएफ जवानों को तैनात किया गया है। ईडी की इस कार्यवाही पर सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा है कि प्रधानमंत्री जी और अमित शाह जी मेरे जन्मदिन के दिन आज मेरे राजनीतिक सलाहकार और मेरे ओएसडी सहित करीबियों के घर ईडी भेजकर मुझे तोहफा दिया है उसके लिए बहुत आभार।
विनोद वर्मा मुख्यमंत्री के करीबी माने जाते हैं। राजनीतिक सलाहकार हैं। रायपुर से लेकर दिल्ली और बीबीसी लंदन में पत्रकारिता कर चुके विनोद वर्मा कांग्रेस पार्टी में प्रशिक्षण विशेषज्ञ भी रहे हैं। दूसरी तरफ मनीष बंछोर भिलाई स्टील प्लांट के कर्मी है, और सीएम के ओएसडी हैं। इनका घर भिलाई तीन में पुरानी भिलाई थाने के पीछे है। वहीं आशीष वर्मा का घर पदुम नगर में मुख्यमंत्री निवास के पास ही है। ये भी सीएम के ओएसडी हैं। विजय भाटिया का घर भिलाई नेहरू नगर ईस्ट में है। विजय फर्नीचर व्यवसायी हैं। कांग्रेस सरकार बनने के बाद बंगले में गार्ड दिए गए हैं। सत्ता पक्ष के करीबी माने जाते हैं।
दो दिन पहले भी व्यापारियों और सट्टेबाजों पर ईडी ने कार्यवाही की है, जिसको लेकर राजनैतिक हलकों में अफरा तफरी भी मची हुई है, चुनावी वर्ष होने के कारण कांग्रेस और समर्थक इसको लेकर बड़ी मुश्किल में है, उधर ईडी की कार्यवाही को राजनैतिक द्वेष से दूर बताया गया है और भाजपा नेता प्रकाश बजाज ने कहा है कि देश में वर्ष भर कहीं ना कहीं चुनाव होते ही है , तो क्या प्रशासन अपना काम नहीं करेगा?