कोरबा (छ.ग.): कटघोरा वनमंडल के केंदई वन परिक्षेत्र में मानित दाई मंदिर के पास पिकनिक मना रहे एक युवक की लोनर हाथी ने जान ली। नशे धुत्त और भागने में असमर्थ होने की वजह युवक हाथी के चपेट में आ गया। घटना स्थल पर ही युवक की मौत हो गई। इसके पहले यह लोन तीन लोगों को मौत के घाट उतार चुका है।
केंदई वन परिक्षेत्र में हाथियाें के उत्पात से जनधन की हानि का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। कोयलारगडरा निवासी रामकुमार 30 वर्ष शनिवार को अपने सात साथियों के साथ पिकनिक मनाने मातिन जंगल पहुंचा था। युवक सुबह से जंगल में पहुंचे थे। शाम छह बजने के बाद भी उनकी पिकनिक पार्टी जारी थी। तभी लोनर हाथी की चिंघाड़ सुनाई दी। हाथी को निकट आते देख सभी युवक भाग खड़े हुए। पैर कीचड़ में फंसने की वजह से रामकुमार भाग न सका और हाथी ने उसे पटक कर मौत के घाट उतार दिया।
वन परिक्षेत्राधिकारी अभिषेक दुबे ने बताया कि ग्राम कोयलारगडरा से आठ युवक कोरबी मातिन दाई जंगल के पास पिकनिक मनाने आए थे। युवक जिस क्षेत्र से आए थे वह स्थान भी हाथी प्रभावित क्षेत्र है। मातिन क्षेत्र में हाथियों के दल के विचरण की लगातार सूचना दी जा रही है। इसके अलावा जंगल में पिकनिक मनाने न जाने की भी चेतावनी दी जा रही है, इसके बाद भी लोग चेतावनी को गंभीरता से नहीं ले रहे। लोनर हाथी ने पहले भी तीन तीन लोगों की जान ले ली है। बताना होगा कि अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हाथियाें में लोनर की संख्या बढ़ गई है। हाथी मानव द्वंद्व के बीच लोगाें में भय का वातावरण बना हुआ है। बहरहाल लोनर हाथी लालपुर जंगल की ओर चला गया है। क्षेत्र में 11 हाथी बोटोपाल के पास विचरण कर रहे है। इन दिनों खेतों में धान की फसल लहलहा रही है। यही वजह कि हाथी गांव के निकट विचरण कर रहे हैं।