ASI की बेटी के साथ लूटपाट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्त में, यहाँ का है मामला….।

 इंदौर (म.प्र.) : क्राइम ब्रांच ने इंदौर में एएसआइ की बेटी से मोबाइल लूटने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सिलसिलेवार वारदातों को अंजाम दिया था। पूछताछ में उन्होंने छह वारदातें स्वीकार ली है। लूटे गए मोबाईल फोन भी बरामद कर लिए हैं। आरोपियों को एमआइजी थाना पुलिस के सुपुर्द किया है। इन आरोपियों में एक नाबालिग भी पकड़ा गया है।

डीसीपी (अपराध) निमिष अग्रवाल के अनुसार, सतना में पदस्थ एएसआइ नागेश की बेटी अंजली से बाइक सवार तीन बदमाशों ने उस वक्त फोन लूट लिया जब वह छोटी खजरानी की तरफ जा रही थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सोमवार रात आरोपी भरत उर्फ छोटू ठाकुर निवासी सोमनाथ की जूनी चाल, ऋतिक निवासी सोमनाथ की जूनी चाल और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी के मुताबिक, आरोपियों ने विजय नगर, एमआइजी और हीरानगर थाना क्षेत्र की छह घटनाएं स्वीकार की हैं। जिले में कई बार ऐसी घटनायें सामने आ चुकी है।

इधर झपट्टा मारकर मोबाइल फोन लूटने की एक और घटना सामने आई :

आजाद नगर में सोमवार को फिर लूट की घटना हो गई। बाइक सवार दो बदमाश 16 वर्षीय स्मिता चाकरे से मोबाईल फोन छीनकर फरार हो गए। मूलत: जावर जिला खंडवा निवासी स्मिता न्यू पंचशील नगर में रहती है। घटना नेमावर रोड़ पर हनुमान मंदिर के पास हुई है। इसी तरह चंदन नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने मेहबूब निवासी कानवन तहसील बदनावर से फोन लूट लिया। अभी तक मामले में क्या कार्यवाही हुई पता नहीं चल पाया है।