1420 अरब रूपये के खजाने से मालामाल होगा कोलंबिया, समुद्र में डूबे हुये जहाज से मिलेगा इतना कुछ….।

बोगोटा (कोलंबिया) : लगभग 315 साल पहले समुद्र में डूबे स्पेनिश नौसेना के जहाज के मलबे को कोलंबिया की सरकार बाहर निकालने की तैयारी कर रही है। कोलंबिया की नौसेना ने कुछ साल पहले एक रोबोट के जरिए जहाज में बड़ा खजाना खोजा था। इसमें सोना-चांदी और कीमती रत्न शामिल हैं। इनकी कीमत लगभग 17 अरब डॉलर बताई जा रही है। मलबा कोलंबिया के कार्टाजेना में तट के पास मिला था। कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने प्रशासन को आदेश दिया है कि जितनी जल्दी हो सके, गैलन सैन जोस नाम के इस जहाज के साथ डूबे खजाने को पानी से बाहर निकाला जाए। कोलंबिया के संस्कृति मंत्री जुआन डेविड कोरिया ने बताया कि राष्ट्रपति पेट्रो 2026 में अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले जहाज को सतह पर लाना चाहते हैं। डूबने से पहले सैन होजे नाम के इस जहाज पर सोने-चांदी सहित 1 लाख 66 हजार करोड़ डॉलर का 200 टन खजाना लदा हुआ था। साल 1708 में ये किंग फिलिप V के बेड़े का हिस्सा था।

खजाने का ऐसे चला पता :

कोलंबिया के संस्कृति मंत्री जुआन डेविड कोरिया ने बताया कि राष्ट्रपति पेट्रो 2026 में अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले जहाज को सतह पर लाना चाहते हैं। कोलंबियाई नौसेना ने मलबे का आकलन करने और जहाज पर कहा था कि इसकी जानकारी जुटाने के लिए 2017 में रिमोट से चलने वाली एक मशीन को 3,100 फीट की गहराई में भेजा गया था। मशीन ने जो फोटो लिए, उनमें बिखरे हुए सोने के टुकड़े, तोपें और चीनी मिट्टी के कप दिखाई दिए। तोपें, तलवारें और बर्तन कैमरों की रोशनी में टिमटिमाते नजर आए। जिसके बाद कोलंबिया ने उसको हासिल करने का प्रयास शुरू किया।

लूटने की कोशिश, मारे गए थे 600 सैनिक :

ब्रिटिश फौज ने 1708 में स्पेन पर हमला किया था। तब स्पेन के राज्यों से जमा खजाने को जहाजों में भरकर ले जाया जा रहा था। इनमें सैन जोसे जहाज भी था। इस पर एक करोड़ से ज्यादा सोने के सिक्के और बेशकीमती जवाहरात लदे थे। ब्रिटिश जहाजों ने कैरिबियन सागर में इसे घेरकर लूटने की कोशिश की। उसी दौरान यह डूब गया था। इस पर सवार 600 सैनिक और क्रू मेंबर मारे गए थे।

दो और देशों ने किया खजाने पर दावा :

जहाज के खजाने पर दो और देश दावा ठोक चुके हैं। स्पेन, बोलीविया और कोलंबिया के बीच इसको लेकर विवाद है कि खजाना किसका है। स्पेन ने दावा किया कि यह उनका है, क्योंकि जहाज उनका है। बोलीविया का कहना है कि यह उसका है, क्योंकि उन्हें स्पेन ने कीमती धातुओं के खनन के लिए मजबूर किया था। चूंकि जहाज कोलंबिया के इलाके में पाया गया, इसलिए वह इसे अपना बताता है।