भिलाई से संदिग्‍ध आतंकी को यूपी एटीएस ने किया गिरफ्तार, AMU से PHD कर चूका है वजीहुद्दीन, क्षेत्र में मची खलबली।

दुर्ग/भिलाई : उत्तर प्रदेश एटीएस की टीम ने एक संदिग्ध आंतकी को दबोचा है। शहर के स्मृति नगर क्षेत्र में उसके ठिकाने के बारे में पता चलते ही दुर्ग पुलिस की मदद से यूपी एटीएस की टीम ने कार्यवाही की। गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी का नाम वजीहुद्दीन बताया जा रहा है। भिलाई शहर एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। दरअसल यूपी एटीएस ने भिलाई के स्मृति नगर से एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। एटीएस उसे गिरफ्तार कर अपने साथ लखनऊ ले गई है। मामला मंगलवार का बताया जा रहा है। लखनऊ ले जाने से पहले एटीएस की टीम ने संदिग्ध आतंकी को दुर्ग कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लिया।

स्मृति नगर पुलिस के मुताबिक यूपी एटीएस ने मंगलवार दोपहर पुलिस से संपर्क कर स्मृति नगर निवासी वजीहुद्दीन का पता ठिकाना पूछा था। वजीहुद्दीन के बारे में स्मृति नगर पुलिस को सिर्फ यह पता है कि यह युवक अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से पीएचडी कर चुका है। जानकारी के अनुसार आतंकी की तलाश में यूपी एटीएस की टीम पिछले दो दिनों से भिलाई में थी। खोजबीन करने के बाद आज कार्यवाही की। वजीहुद्दीन अलीगढ़ में एक निजी कोचिंग सेंटर में पढ़ता था। स्मृति नगर में वह किराए के मकान में रहता था। मंगलवार दोपहर जब एटीएस की टीम जब स्मृति नगर स्थित उसके निवास पर पहुंची तो वजीहुद्दीन घर पर ही मिल गया।

रहवासियों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि वह कभी-कभी मकान में आता था। वहीं क्षेत्र के किसी भी लोगों से उसकी बातचीत नहीं थी। जिसके चलते लोग उसके बारे में ज्यादा नहीं जानते हैं। वहीं आज खुलासे से क्षेत्र में खलबली मच गई । एटीएफ पुलिस ने उसे अपनी कस्टडी में लिया तथा फौरन दुर्ग कोर्ट में प्रथम श्रेणी न्यायाधीश संतोष ठाकुर की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर की मांग की। कोर्ट ने ट्रांजिट रिमांड दे दिया। उसके बाद एटीएस उसे लेकर लखनऊ रवाना हो गई।