रायपुर : दो दिन पूर्व बृजमोहन अग्रवाल पर हुये हमले को लेकर बवाल मच गया था, इस मुद्दे में मुख्यमंत्री ने अप्रत्यक्ष तौर पर बृजमोहन अग्रवाल को गुंडा तक कह दिया था, जिसको लेकर पूर्व मंत्री व रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार बृजमोहन अग्रवाल का बड़ा बयान सामने आया है। बैजनाथ पारा में उनके साथ हुए बदसलूकी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के टिप्पणियों को लेकर अपनी बात कही है। बृजमोहन अग्रवाल ने इसे लेकर आज प्रेस कॉफ्रेंस बुलाई थी। जिसमें कई अहम बातों पर अपनी बात रखी है।
सीएम के बयान से मैं आहत हूं :
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, CM ने मेरे लिए जिन शब्दों का प्रयोग किया, उससे मैं आहत हूं। उन्होंने कहा कि, रायपुर की जनता ने मुझ पर सात बार भरोसा किया है, मैं मुख्यमंत्री की कृपा से विधायक या मंत्री नहीं बना हूं। अग्रवाल ने कहा कि, मुझ पर हमला हुआ… लेकिन फिर भी CM ने इस पर जो कहा, कोई भी सभ्य आदमी ऐसे शब्दों का उपयोग नहीं करता। अग्रवाल ने आरोप लगाया कि, CM पैसाखोर हो गए हैं, उन्हें पैसे की आदत लग गई है। जिनके ऊपर सट्टा चलाने के आरोप हैं, उन्हें अपने पास रखा है।
मैंने पहली बार सुना है कि, चुनाव भी ठेके पर दिया जाता है। मैं 14 नवंबर को खुलासा करूंगा हमारे किन लोगों को धमकी दी गई है। हमारे लोगों को पैसे में खरीदने की कोशिश होती है। लोग नहीं मानते तो उन्हें धमकी दी जाती है। चुनाव परिणाम के बाद गुंडा तत्वों पर बुलडोजर से भी जवाब देने की बात विधायक ने कही।
यह है पूरा मामला :
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार शाम को बृजमोहन अग्रवाल अपने कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क कर रहे थे। बैजनाथ पारा में कुछ युवकों से विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि बृजमोहन को मदरसे में छुपना पड़ गया। इसके बाद आक्रोश बीजेपी नेता और कार्यकर्ता कोतवाली थाना पहुंच गए। थाने में हंगामे के बाद दूसरे दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस पर तीखा बयान दिया। कहा था कि बृजमोहन के सामने किसी दूसरे को गुंडा कहना गुंडा शब्द का अपमान है। इस बयान को लेकर राजनीति गरमा गई है।
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार :
बृजमोहन अग्रवाल चुनावी प्रचार अभियान के लिए स्वामी विवेकानंद वार्ड और बैजनाथ पारा वार्ड में निकले थे। जैसे ही ब्रिस्टल चौक पर पहुंचे, कुछ सफेद कपड़े पहने लोगों ने हमला करने की कोशिश की। इनमें से पुलिस ने एक आरोपी 43 साल के मोहम्मद साजिद खान उर्फ चिंटू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के ऊपर कोतवाली पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।
3 दिसंबर के बाद गुंडों पर चलाएंगे बुलडोजर :
बृजमोहन ने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि, 3 दिसंबर के बाद हम ऐसे गुंडों को बुलडोजर चलाकर हटाएंगे। इसलिए तब तक हमको शांति रखनी है। चुनाव की तैयारी करनी है। इसके बाद सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि, हम लोकतंत्र में विश्वास करते हैं। हम शहर और छत्तीसगढ़ का माहौल बिगाड़ना नहीं चाहते हैं। अगर इसका बदला लेना है, तो हमारे पास इसका बहुत बड़ा हथियार है कि भाजपा को वोट दें। इस घटना और CM भूपेश के बयान से बृजमोहन अग्रवाल को गहरा झटका लगा है।