इंदौर के कारोबारी को हनी ट्रैप में पति-पत्नी ने फंसाकर किया ब्लैकमेल, खुद को सांसद शंकर लालवानी का बताते थे प्रतिनिधि, फिर सांसद लालवानी ने….।

इंदौर (म.प्र.) : खुद को सांसद बताकर ब्लैकमेलिंग केस में लसूड़िया पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के मैनेजर अजय राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है। चार महीने पूर्व उसकी पत्नी एकता को भी गिरफ्तार किया गया था। आरोपी स्वयं को सांसद प्रतिनिधि बताकर पुलिसवालों पर रौब झाड़ता था। पति-पत्नी पर कारोबारी राहुल शर्मा से लाखों रुपये वसूलने का आरोप है।

स्कीम-114 (पार्ट-1) निवासी राहुल श्याम शर्मा की शिकायत पर एकता राजपूत के खिलाफ अड़ीबाजी का केस दर्ज हुआ था। राहुल सोखिन इंडिया मार्ट के नाम से ऑनलाईन व्यवसाय करता है। उसने आरोप लगाया कि एकता ने दुष्कर्म में फंसाने का आरोप लगाकर लाखों रुपये के जेवर, नकदी ले लिए और लगातार ब्लैकमेल करती रही। जून माह में पुलिस ने एकता को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान अजय के खाते में ब्लैकमेलिंग कर वसूली राशि जमा करवाने के तथ्य सामने आए।

पुलिस ने अजय को तलब किया तो फर्जी दस्तावेज पेश कर कहा कि उसका एकता से तलाक हो चुका है। राहुल शर्मा के साथ हुई घटना से उसका कोई लेनादेना नहीं है। पुलिस ने जांच की और बुधवार देर रात अजय के घर छापा मारा। पुलिस ने रात में ही उसकी गिरफ्तारी कर ली। थाना प्रभारी तारेश सोनी के मुताबिक, अजय को गुरुवार दोपहर कोर्ट पेश किया जायेगा। वह कार शोरूम में फाइनेंस मैनेजर है। विवेचना में एकता से मिलीभगत के तथ्य प्रकाश में आए है। सांसद का नाम सामने आने के बाद सांसद ने कहा उनका इन लोगों से कोई लेना देना नहीं है।

सांसद शंकर लालवानी ने पत्र लिखकर कहा प्रतिनिधि नहीं बनाया :

अजय ने खुद को फंसा देख पहले तो एकता की गुमशुदगी दर्ज करवाई। इसके बाद कोर्ट में दोनों ने सहमति से तलाक ले लिया। पूरी कसरत पुलिस केस से बचने के लिए की गई थी, जबकि दोनों साथ में ही रहते थे। अजय ने सांसद शंकर लालवानी का प्रतिनिधि भी खुद को बताया था। सांसद शंकर लालवानी इस मामले में स्वयं पत्र लिखा और राहुल को बताया कि अजय से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

कारोबारी से लाखों के आभूषण और नकदी ले रही थी महिला :

राहुल शर्मा ने पुलिस को बताया कि कालोनी में रहने वाली एकता ने पहले पत्नी व बच्चों से नजदीकी बढ़ाई। उसके फोन नंबर हासिल कर चैटिंग करने लगी। महिला एकता ने राहुल के साथ शारीरिक संबंध भी बना लिए। फिर दुष्कर्म का केस लगाने की धमकी देने लगी। राहुल ने 20 जनवरी 2022 को 80 हजार रुपये खाते में जमा करवाए। 4 फरवरी को पुनः 40 हजार रुपये जमा करवाए। 4 मार्च को भी 40 हजार रुपये जमा हुए। 2 अप्रैल को 40 हजार और 6 अप्रैल को एक लाख रुपये जमा करवाए।

एमजी रोड के एक ज्वेलरी शोरूम से एक लाख 78 हजार रुपये के आभूषण खरीदे। 13 अगस्त को पुनः 78 हजार की हीरे के अंगूठी खरीदी। 28 अगस्त को एक लाख 80 हजार के कंगन खरीदे। परेशान होकर राहुल ने नंबर ब्लॉक किया तो एकता ने दुष्कर्म की एफआइआर दर्ज करवा दी। जिसके बाद यह मामला सामने आया