कॉल उठाते ही मोबाईल हैक, खाते से एक लाख पार।

रायपुर : ऑनलाईन ठगी से बचना काफी मुश्किल है, इसके लिये लोगों को जागरूक रहना बहुत जरुरी है। साईबर ठगों ने लोगों को नए तरीके से ठगना शुरू कर दिया है। अब उनका कॉल रिसीव करते ही फोन हैक कर लेते हैं। इसके बाद उस नंबर से रजिस्टर्ड बैंक खाते की पूरी रकम पार कर देते हैं। सरस्वती नगर क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति के साथ ऐसा ही हुआ है। दो अनजान नंबरों से उन्हें कॉल आया।

इसके बाद उनका मोबाईल हैक हो गया और उनके क्रेडिट कार्ड से 96 हजार रुपये से ज्यादा पार हो गए। कोटा कालोनी निवासी शेषनारायण कसार के मोबाईल पर 23 अक्टूबर को दो अनजान मोबाइल नंबरों से काल आया। उन्होंने कॉल रिसीव किया।

उनके मोबाईल में काल फारवर्ड एक्टिव हो गया। इसके कुछ देर बाद उनके क्रेडिट कार्ड से 10 बार ट्रांजेक्शन हो गए। इससे उनके बैंक खाते से 96 हजार 726 रुपये कट गए। इसकी जानकारी उन्हें एसबीआइ बैंक से मिली। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत की। जब भी किसी अंजान कॉल पर संदेह हो तो उसे तवज्जो ना दें।

क्या है काल फारवर्ड स्कैम :

कॉल फारवर्डिंग स्कैम काफी बढ़ रहा है। इसमें साईबर ठग मोबाईल नेटवर्क आपरेटर बनकर फोन करते हैं। फिर कहते हैं कि आपका अकाउंट हैक कर लिया गया है या आपके सिम कार्ड में कोई समस्या आ गई है। इसके बाद समस्या का समाधान बताते हुए अपने फोन से 401 से शुरू होने वाला एक नंबर डायल करने को कहते हैं। ऐसा करते ही उस मोबाइल के सभी कॉल ठग के एक नंबर पर ही फारवर्ड हो जाएंगे। मुख्यतौर पर आपसे यहीं गलती होती है।