क्या आप जानते है आपके नाम से कितने सिम चल रहे है और कौन-कौन प्रयोग कर रहा है, अगर नहीं तो यह खबर आपके लिये है।

रायपुर : आजकल आम आदमी अपनी पहचान कहाँ – कहाँ दे देता है, उसे ध्यान भी नहीं रहता जिसका दुरुपयोग जालसाज करते है, ये कभी आपके नाम से लोन ले लेते है या आपके नाम से ठगी कर लेते है, कभी-कभार गंभीर अपराध को भी अंजाम दे देते है, जिसके कारण फंसते वो लोग है जिनका पहचान लगा होता है। ऐसे ही यदि आपके नाम पर कोई ऐसा सिम कार्ड चल रहा है, जिसका आपको पता नहीं है तो यह आपके लिए बड़ी परेशानी का कारण भी बन सकता है। अब इस समस्या का निदान दूरसंचार विभाग ने कर दिया है।

ऐसे करें पता :

इसके लिए भारत सरकार के दूरसंचार विभाग की एक खास सेवा की मदद ली जा सकती है। इसके लिए टेफकॉप वेबसाईट खोलें और इस पर आप अपना 10 अंकों का वर्तमान मोबाइल नंबर डालकर जांच सकते हैं कि आपके पहचान पत्र पर और कितने मोबाइल नंबर चल रहे हैं?

सबसे पहले वेब ब्राउजर में जाकर यह वेबसाईट खोलें – www.tafcop. sancharsaathi.gov.in

अब अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें फिर कैप्चा भरें और ओटीपी के लिए रिक्वेस्ट भेजें, फिर ओटीपी को दर्ज करें। अब आपके नाम पर सक्रिय सभी सिम कार्डों की सूची दिखाई देगी। यदि आपके नाम पर कोई ऐसा सिम कार्ड सक्रिय है, जिसे आप प्रयोग नहीं कर रहे हैं तो उस नंबर को आप रिपोर्ट भी कर सकते हैं, जिससे उसे बंद कर दिया जायेगा।

जागरूक रहना बहुत जरूरी है :

अपनी पहचान पर जारी सभी सिम कार्ड को ट्रैक करना जरूरी है। इससे आप धोखाधड़ी से बच सकते हैं। आपके नाम पर सक्रिय सिम कार्ड का इस्तेमाल किसी अपराध के लिए भी किया जा सकता है। इसलिए जागरूक रहना बहुत जरूरी है। इसमें बैंक खाते की जानकारी और हैकिंग जैसी समस्याओं से बच सकते है।